कैमूर: भगवानपुर बाजार में पुलिस की सख्ती, मटरगश्ती कर रहे युवकों की लगी क्लास, संदिग्ध बाइकसवार हिरासत में

कैमूर जिले के भगवानपुर बाजार में पुलिस ने अचानक धावा बोलकर बेवजह घूम रहे युवकों को फटकार लगाई. संदिग्धों की जांच और नाबालिगों को सही राह दिखाने का प्रयास किया गया.

Kaimur Bhagwanpur Vehicle Checking : कैमूर जिले के भगवानपुर बाजार में शुक्रवार की देर शाम पुलिस की सख्ती देखने को मिली, जब थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा दल-बल के साथ अचानक मुंडेश्वरी गेट सह थाना चौक पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने बाजार में बेवजह घूम रहे युवकों को फटकार लगाई, वहीं संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की जांच भी की. अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे चौराहे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

पुलिस की टीम को देखते ही बाजार में मौजूद लोगों के बीच हलचल तेज हो गई. कई युवक इधर-उधर खिसकने लगे, जबकि कुछ को मौके पर ही रोककर पूछताछ की गई. थानाध्यक्ष ने साफ तौर पर कहा कि बिना किसी वजह के बाजार में घूमना और भीड़ लगाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

Kaimur Police Raid : नाबालिग किशोरों को दी समझाइश

कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे खड़े कुछ नाबालिग किशोर भी पुलिस की नजर में आए. थानाध्यक्ष ने उनसे सख्ती के बजाय नरम अंदाज में बातचीत की और उनके घर-परिवार के बारे में जानकारी ली. पूछताछ के बाद उन्हें पढ़ाई पर ध्यान देने, माता-पिता की बात मानने और बेवजह बाहर नहीं घूमने की सलाह दी गई.

पुलिस का यह मानना है कि छोटी उम्र में गलत संगत से बचाना बेहद जरूरी है, इसलिए किशोरों को समझाकर सही दिशा देने की कोशिश की गई.

Crime News : बाइक सवार पर बढ़ा शक, शराब मिलने पर हिरासत

इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई. जांच के दौरान उसके पास से शराब मिलने की बात सामने आई. हालांकि युवक ने चालाकी दिखाते हुए शराब को सड़क पर गिरा दिया, लेकिन पुलिस को उस पर संदेह हो गया.

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने भेज दिया. इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में और सख्ती दिखाते हुए कई अन्य बाइक चालकों की भी जांच शुरू कर दी.

गुमटी दुकानों की भी हुई तलाशी

थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस ने गांजा बिक्री की आशंका को लेकर चौराहे के आसपास लगे कुछ गुमटी दुकानों की भी तलाशी ली. हालांकि तलाशी के दौरान क्या मिला, इस बारे में पुलिस ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी, लेकिन कार्रवाई से यह साफ हो गया कि पुलिस हर स्तर पर नजर बनाए हुए है.

एसपी के निर्देश पर चल रहा अभियान

थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि एसपी शिखर चौधरी के निर्देश पर पूरे थाना क्षेत्र में सघन गश्त और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. खासकर शराब तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है.

उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में भगवानपुर बाजार के एक गुमटी से चोरी की घटना सामने आई थी, जिसमें कुछ नाबालिगों का नाम आया था. इसी वजह से रात में घूम रहे किशोरों से पूछताछ की गई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संकेत मिल गया है कि अब बाजार और सार्वजनिक जगहों पर बेवजह भीड़ या संदिग्ध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.

पुलिस पूरे इलाके में नजर बनाए हुए है और आने वाले दिनों में भी इस तरह का अभियान जारी रखने की बात कही जा रही है, ताकि कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pankaj singh

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >