Kaimur News : कैमूर जिला के रामगढ़ थाना परिसर में रविवार की शाम आयोजित शांति समिति की बैठक में प्रखंड क्षेत्र की कई गंभीर समस्याएं उठायी गयीं. ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और बाजार के व्यवसायियों ने स्कूलों के आसपास मनचलों के जमावड़े, मंदिर और विद्यालय परिसर के आसपास शराबियों द्वारा खाली बोतलें फेंके जाने, खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों और सड़क किनारे कचरा डंपिंग की समस्या से पदाधिकारियों को अवगत कराया. थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने स्कूल के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया.
स्कूल आने-जाने के समय छात्राओं के आसपास घूमते हैं युवक
सिसौड़ा पंचायत के मुखिया प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि सुबह करीब नौ से 10 बजे के बीच स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं के आसपास अक्सर बाइक सवार युवक घूमते और मनचलेपन करते देखे जाते हैं. इससे छात्राओं और उनके अभिभावकों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है.
उन्होंने स्कूल खुलने और छुट्टी के समय पुलिस की विशेष गश्ती कराने की मांग की. साथ ही मंदिर और विद्यालय के आसपास शराबियों द्वारा शराब पीकर खाली बोतलें फेंकने की समस्या भी उठायी.
सूचना मिलते ही 5 से 10 मिनट में पहुंचेगी पुलिस
थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने कहा कि स्कूलिंग टाइम में पुलिस की विशेष नजर रहेगी. उन्होंने ग्रामीणों से ऐसे लोगों की सूचना पुलिस को देने की अपील की. उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जायेगी.
थानाध्यक्ष ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम पांच से 10 मिनट के अंदर मौके पर पहुंचकर संबंधित लोगों को चिन्हित करेगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.
लाखों खर्च के बाद भी खराब पड़े हैं CCTV कैमरे
रामगढ़ बाजार के व्यवसायियों ने नगर पंचायत की ओर से लगाये गये सीसीटीवी कैमरों के खराब रहने का मुद्दा उठाया. व्यवसायियों ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से लाखों रुपये खर्च कर पूरे बाजार सहित दुर्गा चौक से सूर्य मंदिर के आसपास तक सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं, लेकिन ज्यादातर कैमरे खराब हैं. इससे बाजार की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है.
व्यवसायियों ने कहा कि स्कूल के समय चौक से दुर्गा मंदिर तक मनचलों का जमावड़ा देखा जाता है. कई युवक-युवतियां सरोवर के आसपास भी घूमते रहते हैं. पुलिस को ऐसे युवाओं को चिन्हित कर उनके नाम, गांव और वहां रहने के उद्देश्य की जानकारी लेनी चाहिए और इसकी सूचना उनके परिजनों को देनी चाहिए.
थानाध्यक्ष ने कहा कि स्कूलिंग टाइम में मुख्यालय स्तर से भी निगरानी रखी जायेगी. ऐसे बच्चों को चिन्हित कर उनके परिजनों से शिकायत की जायेगी.
16 लाख रुपये खर्च, फिर भी सड़क किनारे गिर रहा कचरा
सहूका पंचायत के मुखिया मनोज कुमार राम ने नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह करीब 16 लाख रुपये खर्च किये जाने के बावजूद नगर पंचायत के 13 वार्डों से निकलने वाला कचरा महादलित बस्ती के समीप मुख्य सड़क के किनारे गिराया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि कचरे से निकलने वाली दुर्गंध के कारण सड़क से गुजरने वाले ग्रामीणों को परेशानी हो रही है. समय रहते कचरा डंपिंग की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.
इस पर बीडीओ विकास कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को दी जायेगी और समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जायेगा.
बड़ी संख्या में ग्रामीण और व्यवसायी रहे मौजूद
बैठक में थानाध्यक्ष सुमित कुमार, सीओ विकेश कुमार, बीडीओ विकास कुमार सिंह, सोनू गुप्ता, रविशंकर गुप्ता, राजेश राम, बाजार व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष गोवर्धन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और व्यवसायी मौजूद थे.
