Kaimur News : कैमूर के भगवानपुर थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सोमवार की शाम पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से पांच हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया.
Bhabhua News : सिंचाई पुल के पास चला जांच अभियान
थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा के निर्देश पर एएसआई नवीन कुमार के नेतृत्व में भगवानपुर-मुंडेश्वरी पथ स्थित सिंचाई पुल के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया. पुलिस ने दोपहिया वाहनों की सघन जांच करते हुए हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, इंश्योरेंस और ट्रिपल राइडिंग की विशेष रूप से जांच की.
नियम तोड़ने वालों पर कटा चालान
जांच के दौरान जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले या जिन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन किया, उनके खिलाफ ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से चालान काटा गया. एएसआई नवीन कुमार के अनुसार अभियान के दौरान कुल 5,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
पुलिस को देखकर कई बाइक सवार लौटे
वाहन जांच की सूचना मिलते ही कई बाइक सवार दूर से ही वैकल्पिक रास्तों से निकलते दिखाई दिए. पुलिस ने चालान के साथ वाहन चालकों को भविष्य में हेलमेट पहनने, ट्रिपल राइडिंग से बचने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की भी हिदायत दी.
एसपी के निर्देश पर जारी रहेगा अभियान
थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के निर्देश पर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है. आगे भी नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
