त्योहारों को लेकर सुरक्षा सख्त, हुड़दंगियों व अफवाह फैलाने वालों की खैर नहीं सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर, शांति भंग करने वाले सीधे जायेंगे जेल भभुआ सदर. 20 या 21 मार्च को संभावित ईद उल फितर और 27 मार्च को मनाये जानेवाले रामनवमी के पर्व की तारीख अब धीरे-धीरे करीब आती जा रही है. इसी बीच 19 मार्च से चैत्र-नवरात्र भी शुरू हो रहे है. आनेवाले पर्व-त्योहार की तैयारी लोगों ने शुरू भी कर दी है और बाजारों में खरीदारी को लेकर भीड़ भी अब बढ़ने लगी है. ऐसे में जिले की सुरक्षा की व्यवस्था भी सुदृढ़ होना जरूरी है. कैमूर पुलिस त्योहारों में खुशहाली व आपसी भाईचारा और सौहार्द बना रहे, इसको लेकर अभी से अपनी सभी तैयारी शुरू कर दी है. एसपी हरिमोहन शुक्ल ने भी जिले के सभी एसडीपीओ, इंस्पेक्टर व थानाध्यक्षों को आनेवाले पर्व-त्योहारों पर विशेष दिशा-निर्देश दिये हैं, ताकि पर्व-त्योहार के मौके पर कोई असामाजिक तत्व व्यवधान उत्पन्न नहीं कर सके. इधर, पर्व त्योहार पर सोशल मीडिया पर भी पुलिस विशेष नजर रखने और सद्भाव बिगाड़ने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई करने की सहमति बनी है. आगामी चैत्र-नवरात्र, ईद और रामनवमी के बड़े त्योहारों को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए भौतिक, मैनपॉवर सहित सोशल मीडिया पर अफवाह और संप्रदाय विरोधी बातें पोस्ट करने वालों पर भी प्रशासन नजर रख रही है. भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने बताया कि आजकल सबके हाथ में नवीन तकनीक वाले मोबाइल आ जाने से बे-सिर पैर की बातें भी इंस्टाग्राम, फेसबुक और वाट्सएप के माध्यम से हर एक तक पहुंचती रहती हैं और इन पर लिखी हुई बातें या वीडियो समाज को अनचाहे रूप से बांटने का काम करती हैं. जाने अनजाने इससे समाज में तनाव भी फैल जाता हैं, इसलिए इस बार पुलिस सोशल मीडिया पर भी करीबी नजर रख रही है और पुलिस ऐसे मामले में सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई करेगी. एसडीपीओ का स्पष्ट तौर पर कहना था कि वैसे लोगों को तत्काल जेल भेजा जायेगा, जो वैमनस्यता फैलाने में शामिल होंगे. = त्योहारों में कार्यरत रहेगी क्विक स्पेशल रिस्पॉन्स टीम ईद और रामनवमी को लेकर पुलिस मुख्यालय द्वारा शहर सहित जिले के सभी ग्रामीण इलाकों के कई संवेदन व अतिसंवेदनशील स्थानों को रेखांकित करने का काम पूरा कर लिया गया है. पूर्व से अतिसंवेदनशील क्षेत्र के क्षेणी में शुमार वैसे स्थानों को विशेष तौर पर रेखांकित किया गया, जहां आये दिन अप्रिय घटनाएं घटती हैं. ऐसी स्थिति से निबटने के लिए पुलिस प्रशासन टीम का गठन करेगी और ऐसी क्विक रिस्पॉन्स टीम सभी थानों में प्रतिनियुक्त रहेगी. जिले में पर्व त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की व्यवधान उत्पन्न होने पर यह टीम तत्काल हालात को नियंत्रित करेगी. इसके अलावा भी साधारण पुलिस व अधिकारियों की टीम शहर सहित जिले में गश्त करते हुए विधि व्यवस्था पर नजर रखेंगी. पुलिस ने अपनी तैयारी में शहर के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया है. पर्व त्योहारों से पूर्व जिले के सभी थानों में प्रबुद्ध जनों के साथ शांति समिति की बैठकें की जा रही है. इस दौरान शांति समिति के सदस्यों सहित जनप्रतिनिधियों से शांति-व्यवस्था बनाये रखने की अपील के साथ-साथ उनसे इससे संबंधित विशेष चर्चा कर उनके राय भी लिए जा रहे है.
चैत्र नवरात्र, ईद और रामनवमी की तैयारी में जुटा पुलिस प्रशासन
त्योहारों को लेकर सुरक्षा सख्त, हुड़दंगियों व अफवाह फैलाने वालों की खैर नहीं
