Kaimur News: कैमूर जिले के भगवानपुर थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नौगढ़ गांव में छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने 55 वर्षीय रामजी पासी (पिता स्व. जमुना पासी) को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके घर से एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और सात खोखा बरामद किए हैं. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
घर में छापेमारी के दौरान मिला अवैध हथियार
थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने अभियुक्त की गिरफ्तारी तथा कट्टा, गोली और खोखा की बरामदगी की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि गुप्तचर से सूचना मिली थी कि रामजी पासी के घर में अवैध हथियार छिपाकर रखा गया है. सूचना का सत्यापन करने के बाद गठित पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर दबिश दी, जहां तलाशी के दौरान हथियार और कारतूस जब्त किए गए. बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है. वर्तमान में भगवानपुर थाना के अभिलेखों में उसके खिलाफ कोई पुराना मामला दर्ज नहीं मिला है. हालांकि, अन्य थाना क्षेत्रों से भी उसका आपराधिक ब्योरा मंगाया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसका किसी आपराधिक गिरोह या गतिविधि से जुड़ाव है या नहीं.
Also Read: झमाझम बारिश से किसानों के खिले चेहरे: कैमूर में धान रोपनी की रफ्तार पड़ी तेज
