आजादी के बाद भी नहीं बनी सड़क, पिपरी से कुड़ारी स्कूल तक पक्की सड़क की मांग पर आमरण अनशन

कैमूर के पिपरी पुलिया से कुङारी स्कूल तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शुरू किया आमरण अनशन. जानिए क्या है पूरा मामला.

Kaimur News: जिले के दुर्गावती प्रखंड की ढड़हर पंचायत में पिपरी पुलिया से उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुड़ारी तक कच्ची सड़क के पक्कीकरण की मांग को लेकर गुरुवार सुबह नौ बजे से आमरण अनशन शुरू हो गया. मनोज राजभर सहित करीब आधा दर्जन लोग पिपरी गांव के पास अनशन पर बैठे हैं. अनशनकारियों ने इसकी लिखित सूचना कैमूर डीएम समेत संबंधित अधिकारियों को दी है.

बरसात में बच्चों की बढ़ती परेशानी

अनशनकारी मनोज राजभर ने बताया कि आजादी के बाद से अब तक पिपरी पुलिया से कुड़ारी स्कूल तक सड़क का पक्कीकरण नहीं हुआ है. इस रास्ते से ढड़हर, पिपरी, मझवा, कान्हपुर, बिलखुरी, धनसराय, सखेलीपुर और बढ़ौरी समेत कई गांवों के बच्चे स्कूल पहुंचते हैं. बरसात में रास्ते पर कीचड़ जमा होने से विद्यार्थियों को स्कूल जाने में काफी परेशानी होती है.

उन्होंने बताया कि सड़क का पूर्व में सर्वे और डीपीआर तैयार हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण शुरू नहीं हुआ. सीधा रास्ता नहीं होने के कारण ग्रामीणों को जीटी रोड, कर्मनाशा हाईवे और भानपुर होकर करीब 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है. इससे आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है.

डीपीआर के आधार पर सड़क बनाने की मांग

अनशनकारियों ने पूर्व में तैयार डीपीआर के आधार पर एमएमजीएसवाई योजना से सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है. मनोज राजभर ने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, तब तक आमरण अनशन जारी रहेगा. उनके साथ पूर्व मुखिया भाई चंद रावत, अलीहार सिंह यादव, जय नारायण राजभर और अरुण राजभर समेत अन्य लोग अनशन पर बैठे हैं.

चिकित्सकों ने की स्वास्थ्य जांच

आमरण अनशन की सूचना मिलने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गावती से चिकित्सकों की टीम गुरुवार दोपहर अनशन स्थल पर पहुंची. टीम ने बारी-बारी से सभी अनशनकारियों के स्वास्थ्य की जांच की.

ग्रामीणों ने भी दिया समर्थन

सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का भी अनशनकारियों को समर्थन मिल रहा है. पिपरी निवासी पूर्व मुखिया जोगिंदर यादव ने कहा कि ढड़हर पंचायत के कई गांवों के बच्चे इसी कच्चे रास्ते से कुड़ारी स्कूल जाते हैं. बारिश के दिनों में रास्ता खराब होने से उनकी परेशानी बढ़ जाती है. उन्होंने कहा कि कुड़ारी स्कूल जाने के लिए यह प्रमुख रास्ता है, ऐसे में सड़क का निर्माण जरूरी है.

विधायक बोले- जल्द शुरू होगा निर्माण

क्षेत्रीय विधायक सतीश यादव पिंटू ने कहा कि लोगों को उनसे काफी उम्मीदें हैं और उन्हें भरोसा है कि आजादी के बाद से लंबित यह सड़क अब बनेगी. उन्होंने बताया कि बिहार में सड़क निर्माण के लिए पहले हुआ टेंडर सरकार ने निरस्त कर दिया है. पिपरी पुलिया से कुड़ारी तक पक्की सड़क के लिए दोबारा टेंडर कराने को लेकर उन्होंने सचिव को पत्र लिखा है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही सड़क निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है.

Also Read: भभुआ सदर अस्पताल के ICU की बदहाली पर एक्शन, इंचार्ज का वेतन बंद; DS-प्रबंधक से जवाब तलब


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mainuudin sah

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >