कैमूर: पिपरी पुलिया से कुड़ारी स्कूल तक 3 किमी सड़क निर्माण की मांग, 20 अगस्त से आमरण अनशन की चेतावनी

दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र के धड़हर पंचायत के ग्रामीणों ने पिपरी पुलिया से कुड़ारी तक पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर 20 अगस्त से आमरण अनशन की चेतावनी दी है. कच्ची और जर्जर सड़क से स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है.

Kaimur Road Construction: दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत धड़हर पंचायत के ग्रामीणों ने पिपरी पुलिया से उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुड़ारी तक करीब तीन किलोमीटर पक्की सड़क निर्माण की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क लंबे समय से कच्ची और जर्जर है, जिससे स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को परेशानी होती है. बरसात के दिनों में रास्ता कीचड़मय होने से बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता है.

धड़हर निवासी उप मुखिया मनोज राजभर ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर बताया कि सड़क का पूर्व में सर्वे और डीपीआर तैयार हो चुका है. इसके बावजूद सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ. सीधा मार्ग नहीं होने से ग्रामीणों को जीटी रोड, कर्मनाशा हाईवे और भानपुर होकर करीब 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है. इससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है.

20 अगस्त से आमरण अनशन की चेतावनी

मनोज कुमार राजभर ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर 20 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे से पिपरी पुलिया पर आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है. उन्होंने प्रशासन से अनुमति देने तथा पूर्व तैयार डीपीआर के आधार पर एमएमजीएसवाई योजना के तहत सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है. आवेदन की प्रतिलिपि एसडीओ मोहनिया, एसपी कैमूर, थानाध्यक्ष दुर्गावती और मुख्यमंत्री सहयोग शिविर, पटना को भी भेजी गई है.

पहले हो चुका था टेंडर, बाद में हुआ निरस्त

क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, पिपरी पुलिया से उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय कुड़ारी तक जाने वाली कच्ची सड़क कई वर्षों से अपेक्षित पड़ी है. सड़क को पक्की करने के लिए पूर्व में टेंडर भी हुआ था, लेकिन सड़क बनने से पहले ही सरकार द्वारा टेंडर निरस्त कर दिया गया. यह सड़क कानपुर, धड़हर और पिपरी सहित अन्य गांवों को सीधे कुड़ारी गांव से जोड़ती है. ग्रामीणों के अनुसार, कुड़ारी में इंटर तक सरकारी कॉलेज स्थापित है. सड़क नहीं होने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. करीब तीन किलोमीटर के रास्ते के लिए उन्हें 10 से 12 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है.

विधायक ने पुनः टेंडर के लिए सचिव को लिखा पत्र

क्षेत्रीय विधायक सतीश यादव पिंटू से लोगों को सड़क निर्माण को लेकर उम्मीद है. विधायक सतीश यादव पिंटू ने बताया कि बिहार में जिन सड़कों के निर्माण के लिए पूर्व में टेंडर हुआ था, सरकार ने उन्हें निरस्त कर दिया है. उन्होंने कहा कि पिपरी पुलिया से कुड़ारी तक सड़क निर्माण के लिए पुनः टेंडर कराने को लेकर सचिव को पत्र लिखा है. विधायक के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए बहुत जल्द टेंडर की प्रक्रिया शुरू होने वाली है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mainuudin sah

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >