Kaimur News: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मेढ़ गांव में धान की रोपनी कर लौट रहे मजदूरों से भरे एक पिकअप वाहन पर दबंगों द्वारा ईंट-पत्थर से हमला करने और गाड़ी को क्षतिग्रस्त करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. इस पथराव में महिला समेत 3 से 4 मजदूर घायल हो गए हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
रास्ता रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद
घटना के संबंध में रघुवीरगढ़ गांव निवासी निर्मल राम के पुत्र राहुल राम ने चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पीड़ित के अनुसार, वह अपने परिवार व गांव के मजदूरों के साथ चांद थाना क्षेत्र के कुड्डी गांव में धान रोपनी का काम करने गए थे. शाम को कार्य समाप्त कर वे सभी पिकअप वाहन से अपने गांव लौट रहे थे.
जैसे ही उनका वाहन मेढ़ गांव स्थित तालाब के पास पहुंचा, वहां गांव का सोनू चौहान बीच सड़क पर खड़ा हो गया. पिकअप चालक द्वारा रास्ता छोड़ने की बात कहने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा.
ईंट-पत्थर चलाकर वाहन को किया क्षतिग्रस्त, कई लोग घायल
गाली-गलौज की आवाज सुनकर गांव के ही विनोद चौहान, संदीप चौहान, ओम प्रकाश चौहान, छोटेलाल चौहान, प्रमोद चौहान सहित कई अन्य लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर वहां पहुंच गए और पिकअप पर हमला बोल दिया.
अचानक हुए पथराव से गाड़ी में सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई. इस हमले में राहुल राम की चाची रीता देवी और भतीजी मनोरमा कुमारी समेत अन्य लोग घायल हो गए. वहीं, पथराव से पिकअप वाहन भी काफी क्षतिग्रस्त हो गया.
पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद चैनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की और छापेमारी कर दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेढ़ गांव निवासी प्रमोद चौहान और छोटे लाल चौहान के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है. पुलिस मामले में संलिप्त अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
