Kaimur News : राज्य में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के उद्देश्य से कैमूर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में गठित खेल क्लबों को सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की पहल शुरू कर दी गयी है. इसी क्रम में जिला स्तर से प्रखंडवार बैठकें आयोजित की जा रही हैं. जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग के निर्देश और खेल विभाग, बिहार के पत्र के आलोक में आयोजित इन बैठकों की अध्यक्षता जिला खेल पदाधिकारी ओमप्रकाश कर रहे हैं.
भभुआ और कुदरा में खेल क्लब के पदाधिकारियों के साथ बैठक
इसी कड़ी में गुरुवार को भभुआ और कुदरा प्रखंड के पंचायत खेल क्लबों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गयी. भभुआ प्रखंड की बैठक जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में, जबकि कुदरा प्रखंड की बैठक बहुद्देशीय भवन, कुदरा में हुई. इसमें खेल क्लबों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और सदस्यों ने भाग लिया.
बैठक में प्रशिक्षक महावीर कुमार सिंह और कुलदीप सिंह ने खेल क्लबों के गठन, उद्देश्य, कार्यप्रणाली तथा पदाधिकारियों एवं सदस्यों की भूमिका और दायित्वों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी. क्लबों को पंचायत स्तर पर नियमित खेल गतिविधियां संचालित करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया.
बच्चों और युवाओं को खेल से जोड़ने पर दिया जोर
पंचायत खेल क्लबों का प्रमुख उद्देश्य पंचायत स्तर पर बच्चों एवं युवाओं को खेल से जोड़ना, खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन करना, प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान करना तथा उन्हें प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ाना है. बैठक में खेल मैदान एवं उपलब्ध खेल संसाधनों के बेहतर उपयोग, खिलाड़ियों की नियमित भागीदारी और खेल गतिविधियों का रिकॉर्ड रखने पर भी जोर दिया गया.
ग्रामीण प्रतिभाओं की पहचान कर आगे बढ़ाने की अपील
जिला खेल पदाधिकारी ओमप्रकाश ने क्लबों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से पंचायत स्तर पर खेल गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक युवाओं को खेल से जोड़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर खेल क्लबों को मजबूत करने से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी.
Also Read : राजपुर में 107.6 लीटर देशी शराब बरामद, पुलिस को देख बाइक छोड़ भागा तस्कर
इन प्रखंडों में निर्धारित तिथि को होगी बैठक
कैमूर जिले के शेष प्रखंडों में पंचायत खेल क्लबों की बैठक का कार्यक्रम भी निर्धारित कर दिया गया है. चैनपुर और चांद में 12 सितंबर को प्रखंड कार्यालय सभागार में बैठक होगी. अधौरा में 15 सितंबर, रामपुर में 16 सितंबर और भगवानपुर में 16 सितंबर को बैठक आयोजित की जायेगी.
इसी प्रकार मोहनियां और दुर्गावती में 18 सितंबर तथा रामगढ़ और नुआंव में 19 सितंबर को बैठक होगी. संबंधित प्रखंड कार्यालयों के सभागार में होने वाली इन बैठकों में खेल क्लबों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी.
Also Read : बक्सर में आयोजित विज्ञान संगोष्ठी में छात्रों ने ऊर्जा के भविष्य पर रखे विचार, क्षमा कुमारी रहीं प्रथम
पंचायत स्तर से खेल विकास का मजबूत आधार तैयार करने की कोशिश
बैठकों के माध्यम से खेल क्लबों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने और जिले में पंचायत स्तर से खेल विकास का मजबूत आधार तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है. मौके पर शारीरिक शिक्षक मनोज चौबे, मनीष कुमार, रिंकू अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
Also Read : बक्सर DEO कार्यालय में निजी व्यक्तियों के हस्तक्षेप पर फिर उठा सवाल, RDDE ने DM से कार्रवाई की मांग की
