Kaimur News : रामपुर प्रखंड क्षेत्र की सभी नौ पंचायतों में रविवार को पंचायत विकास दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं सामाजिक रूप से सुरक्षित ग्राम पंचायत को लेकर शिविर का आयोजन किया गया. संबंधित पंचायतों के मुखिया की अध्यक्षता में आयोजित शिविरों में सामाजिक न्याय, सुरक्षा, समान अधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गयी.
समान अधिकार, सम्मान और न्याय पर जोर
शिविर में थीम-7 के विजन पर चर्चा करते हुए बताया गया कि ऐसी ग्राम पंचायत का निर्माण करना है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और न्याय प्राप्त हो. सभी पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिले, कमजोर और वंचित वर्गों का संरक्षण हो तथा समावेशी, सुरक्षित एवं न्यायपूर्ण समाज का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके.
गरीब और कमजोर परिवारों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
पंचायत विकास दिवस के स्थानीय लक्ष्यों के तहत गरीब और कमजोर परिवारों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया. सभी पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने, महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों और दिव्यांगों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने की बात कही गयी. साथ ही बाल श्रम, बाल विवाह, भेदभाव और सामाजिक शोषण की रोकथाम को लेकर भी जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया.
ग्राम सभा के माध्यम से पारदर्शी चयन का लक्ष्य
ग्राम पंचायत की भूमिका के तहत पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें राशन, पेंशन, स्वास्थ्य बीमा और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने पर चर्चा हुई. ग्राम सभा के माध्यम से पारदर्शी चयन, सामाजिक अंकेक्षण और शिकायत निवारण सुनिश्चित करने की बात कही गयी. इसके साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और आजीविका से जुड़े कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया.
पांच सतत विकास लक्ष्यों से जुड़ा है थीम-7
शिविर में बताया गया कि थीम-7 के तहत पांच सतत विकास लक्ष्यों (SDG) को शामिल किया गया है. इनमें SDG-1 गरीबी समाप्ति, SDG-3 अच्छा स्वास्थ्य, SDG-4 गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, SDG-5 लैंगिक समानता और SDG-10 असमानताओं में कमी शामिल हैं.
11 विभागों के अभिसरण से होगा क्रियान्वयन
थीम-7 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 11 विभागों का अभिसरण किया गया है. इनमें पंचायती राज विभाग और ग्रामीण विकास विभाग को नोडल विभाग के रूप में जिम्मेदारी दी गयी है. इस थीम के तहत पंचायत के कार्यों का मूल्यांकन 17 संकेतकों और 27 डाटा प्वाइंट्स के आधार पर किया जाता है.
पंचायत सरकार भवन में जुटे जनप्रतिनिधि और ग्रामीण
पंचायत विकास दिवस के अवसर पर पंचायत सरकार भवन में मुखिया शशिभूषण दुबे, उपमुखिया अभिनव सिंह, सभी वार्ड जनप्रतिनिधि, ग्राम कचहरी सचिव मालती कुमारी, कचहरी न्याय मित्र लालती कुमारी, पंचायत सचिव मो. साजिद, कार्यपालक सहायक नंदनी कुमारी सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष उपस्थित रहे. शिविर में सामाजिक रूप से सुरक्षित और न्यायपूर्ण पंचायत के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का संकल्प लिया गया.
