दुर्गावती, कैमूर. थाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र स्थित छांव रोड में सोमवार को परिवहन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में क्लिंकर लदे एक ओवरलोड हाईवा ट्रक को पकड़ा गया. जांच के बाद वाहन पर 87,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
जांच के दौरान तेजी से गुजर रहा था ट्रक
मिली जानकारी के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र के छांव रोड में वाहनों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान क्लिंकर से लदे एक ट्रक को तेजी से गुजरते देख पुलिस ने उसे रोक लिया. पूछताछ के दौरान संदेह होने पर अधिकारियों ने ट्रक का वजन कराने का निर्णय लिया.
22 टन अतिरिक्त भार के साथ मिला ट्रक
वजन कराने के दौरान ट्रक निर्धारित क्षमता से अधिक भार के साथ ओवरलोड पाया गया. जांच में वाहन पर 22 टन अतिरिक्त भार मिला. इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर ही ट्रक को कब्जे में ले लिया और वाहन मालिक पर 87,500 रुपये का जुर्माना लगाया.
हाईवा ट्रक के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि ओवरलोडिंग के मामले में हाईवा ट्रक संख्या यूपी 63 बीटी 6050 को पकड़ा गया है. जांच के दौरान वाहन पर 22 टन ओवरलोड पाया गया. मामले में थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ओवरलोड वाहनों पर जारी रहेगी कार्रवाई
परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद ओवरलोड वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है. अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन कर चलने वाले वाहनों के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
