Kaimur News : कैमूर जिला के चांद प्रखंड की लोहदन पंचायत स्थित इचाव गांव के नौ भूमिहीन परिवारों को गृहस्थल भूमि बंदोबस्ती योजना के तहत बड़ी राहत मिली है. कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंचल अधिकारी मधुसूदन चौरसिया ने सभी लाभुकों को पांच-पांच डिसमिल सरकारी जमीन का बंदोबस्ती प्रमाण पत्र सौंपा.
नौ परिवारों को मिला जमीन का अधिकार
अंचल अधिकारी मधुसूदन चौरसिया ने बताया कि जिन परिवारों के पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं थी, उन्हें सरकारी भूमि का बंदोबस्ती पर्चा उपलब्ध कराया गया है. इससे अब सभी लाभुक अपने स्थायी आवास का निर्माण कर सकेंगे.
इन लाभुकों को मिला भूमि बंदोबस्ती प्रमाण पत्र
भूमि बंदोबस्ती प्रमाण पत्र प्राप्त करने वालों में दिलशाद, नजमा बीवी, जमालुद्दीन, जगनारायण राम, गुरु हरिजन, गोपाल पासवान, कस्तूरी देवी, छोटू राम, सीता राम तथा राम सुधार राम शामिल हैं. सभी लाभुक इचाव गांव के निवासी हैं.
पर्चा मिलने से लाभुकों में खुशी
भूमि बंदोबस्ती का प्रमाण पत्र मिलने के बाद लाभुकों ने खुशी जताई और सरकार व प्रशासन का आभार व्यक्त किया. इस मौके पर प्रखंड उप प्रमुख दिनेश बिंद, पंचायत समिति सदस्य दाऊ सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और लाभुक उपस्थित रहे.
