अतिक्रमण व गंदगी की मार झेल रहा न्यू प्राथमिक विद्यालय फखराबाद

कुदरा प्रखंड क्षेत्र के न्यू प्राथमिक विद्यालय फखराबाद की सरकारी जमीन अतिक्रमण से जूझ रही है.

कूड़े के ढेर के बीच पढ़ने को मजबूर बच्चे #विद्यालय के चारों तरफ फैले कूड़े की दुर्गंध से शिक्षक व छात्र परेशान सरकारी जमीन पर कब्जा, मापी व अतिक्रमण हटाने की मांग पुसौली. कुदरा प्रखंड क्षेत्र के न्यू प्राथमिक विद्यालय फखराबाद की सरकारी जमीन अतिक्रमण से जूझ रही है. इसको लेकर विद्यालय के प्रधान शिक्षक अनिल कुमार ने अंचलाधिकारी कुदरा को आवेदन देकर विद्यालय की भूमि की मापी कराने व अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है. दिये गये आवेदन में कहा गया है कि मौजा घटांव के खाता संख्या-521 व खेसरा संख्या-838 में कुल 20 डिसमिल अनावाद सर्वसाधारण भूमि पर वर्ष 2012 में न्यू प्राथमिक विद्यालय फखराबाद की स्थापना की गयी थी. लेकिन, विद्यालय भवन मात्र 5.74 डिसमिल भूमि में ही निर्मित हो सका है, जबकि शेष भूमि पर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है. अतिक्रमण के कारण विद्यालय के कक्षा-कक्षों में हवा व प्रकाश का समुचित आवागमन नहीं हो पा रहा है. इतना ही नहीं, विद्यालय अवधि के दौरान बकरी, सूअर व मुर्गी जैसे पालतू जानवर परिसर में घूमते रहते हैं, जिससे पठन-पाठन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. आवेदन में यह भी कहा गया है कि पंचायत के मुखिया द्वारा विद्यालय परिसर के चारों ओर चहारदीवारी निर्माण की बात कही जा रही है, लेकिन जमीन पर अतिक्रमण होने के कारण कार्य बाधित हो रहा है. विद्यालय में एक सौ से अधिक बच्चों का नामांकन कुदरा प्रखंड के फखराबाद महादलित बस्ती में स्थित न्यू प्राथमिक विद्यालय कूड़े के ढेर पर अवस्थित है. विद्यालय के चारों ओर गंदगी पसरी हुई है. कूड़े के बीच बैठकर बच्चे पढ़ाई करने को विवश हैं. कूड़े से निकलने वाली दुर्गंध से शिक्षक व छात्र दोनों परेशान हैं, लेकिन इस समस्या पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है. मालूम हो कि कुदरा प्रखंड मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूरी पर स्थित घटाव पंचायत के फखराबाद गांव में महादलित बच्चों के लिए सरकार द्वारा न्यू प्राथमिक विद्यालय खोला गया था. उस समय लोगों में खुशी थी. विद्यालय में फिलहाल तीन शिक्षक कार्यरत हैं व एक सौ से अधिक बच्चों का नामांकन है. भले ही सरकार महादलितों के विकास के लिए कई योजनाएं चला रही है, लेकिन महादलित बच्चों के लिए खोले गये इस विद्यालय में सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं है. विद्यालय के चारों ओर कूड़े का अंबार लगा है, जिससे हमेशा दुर्गंध निकलती है. इसी बीच बच्चे एमडीएम खाते हैं व पूरे समय पढ़ाई करते हैं. तीन कमरों में होती है पढ़ाई न्यू प्राथमिक विद्यालय फखराबाद में कमरों का भी घोर अभाव है. विद्यालय में केवल तीन कमरे हैं, जिनमें एक कमरे में कार्यालय संचालित होता है, जबकि शेष कमरों में बच्चों की पढ़ाई करायी जाती है. सुविधाओं की भारी कमी के कारण शिक्षक व छात्र दोनों परेशान हैं. बताया जाता है कि विद्यालय के सामने ही बस्ती व गांव के लोग कूड़ा फेंकते हैं, वहीं कुछ लोग खुले में शौच भी कर जाते हैं. इससे विद्यालय तक पहुंचने में बच्चों व शिक्षकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है. साफ शब्दों में कहा जाये तो महादलित बच्चों के लिए बना न्यू प्राथमिक विद्यालय फखराबाद स्वच्छता के दावों को मुंह चिढ़ा रहा है. क्या कहते हैं मुखिया इस संबंध में घटाव पंचायत के मुखिया श्री भगवान पासवान ने बताया कि विद्यालय की बाउंड्री के लिए पंचायत से योजना पास करायी गयी है, जिसके निर्माण हेतु राशि भी आ गयी है. लेकिन विद्यालय की जमीन पर अतिक्रमण होने के कारण बाउंड्री निर्माण नहीं हो पा रहा है. स्थानीय प्रशासन से कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया है, लेकिन अब तक किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >