कैमूर: खेल मैदान में दिखा जुनून, खिलाड़ियों ने दिखायी प्रतिभा, राष्ट्रीय खेल दिवस पर रामगढ़ में सजा खेलों का मंच

रामगढ़ के पीएम श्री उच्च विद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस धूमधाम से मनाया गया। छात्रों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

Kaimur News : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार की शाम पी.एम. श्री 2 उच्च विद्यालय, रामगढ़ का परिसर खेल उत्साह और विद्यार्थियों की उमंग से सराबोर रहा. प्रधानाध्यापक पवन कुमार के निर्देशन में विद्यालय में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इसमें कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया. प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया.

हॉकी से लेकर साइकिल रेस तक दिखा दमखम

विद्यालय परिसर में हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, साइकिल रेस समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं. खेल मैदान में विद्यार्थियों के बीच जीत का उत्साह देखने को मिला. इसके साथ ही एक-दूसरे का हौसला बढ़ाने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का जज्बा भी नजर आया. विद्यार्थियों के प्रदर्शन से यह साबित हुआ कि पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी विद्यालय के छात्र-छात्राओं में प्रतिभा की कमी नहीं है.

मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है खेल दिवस

राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी और हॉकी के जादूगर के नाम से प्रसिद्ध मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है. इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को खेलों के महत्व के बारे में बताया गया. शिक्षकों ने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, एकता और आत्मविश्वास का भी विकास होता है.

खेल से सर्वांगीण विकास पर जोर

विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया. शिक्षकों ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है. खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया.

शिक्षकों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

प्रतियोगिताओं का निर्णयन विद्यालय के शारीरिक शिक्षक कौशल कुमार सिंह ने किया. वहीं खेलों के संचालन में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह ने सहयोग किया. प्रतियोगिताओं के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभायी.

मौके पर सुमन सिंह, ओम प्रकाश सिंह, गोविंद सिंह, संतोष कुमार सिंह, कंचन कुमारी, शिल्पी भारती, अश्विनी तिवारी, जितेंद्र तिवारी, जितेंद्र सिंह, चंद्रशेखर कुमार, संध्या कुमारी, श्याम सुंदर प्रसाद सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय जायसवाल

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >