कैमूर: मुठानी स्टेशन से सिग्नल केबल चोरी का खुलासा, RPF ने दो आरोपितों को दबोचा, बाल अपचारी भी निरुद्ध

मोहनिया के मुठानी रेलवे स्टेशन पर सिग्नल केबल चोरी के मामले में आरपीएफ ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया है।

Kaimur News : कैमूर जिला के मुठानी रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे सिग्नल केबल चोरी मामले का रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है. तीनों के कब्जे से चोरी किया गया रेलवे का सिग्नल केबल भी बरामद किया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

30 जुलाई को हुई थी सिग्नल केबल की चोरी

आरपीएफ के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को मुठानी रेलवे स्टेशन के किलोमीटर संख्या 615/13-15 के बीच सिग्नल एस-11 अप रिवर्सिबल का 12 कोर और 6 कोर का करीब आठ-आठ मीटर केबल काटकर चोरी कर लिया गया था. घटना के बाद रेलवे के सिग्नल स्टाफ ने नया केबल जोड़कर उसी दिन शाम 5:15 बजे सिग्नल व्यवस्था बहाल की थी. इसके बाद सिग्नल इंस्पेक्टर ओम प्रकाश कुमार सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.

देर रात छापेमारी में तीनों धराए

जांच के दौरान पता चला कि चोरी के बाद भी रेलवे केबल को दोबारा क्षतिग्रस्त किया गया था. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आरपीएफ भभुआ रोड और सीआईबी की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया. 1 अगस्त की रात करीब 1:50 बजे घटनास्थल के पास प्लास्टिक का बोरा लेकर घूम रहे तीन संदिग्धों को घेरकर पकड़ा गया. तलाशी के दौरान बोरे से चोरी किया गया रेलवे सिग्नल केबल बरामद हुआ.

पूछताछ में कबूला जुर्म

पूछताछ में आरोपितों की पहचान मंटू राम (25), संतोष कुमार उर्फ नचक (18) तथा एक 14 वर्षीय बाल अपचारी के रूप में हुई. तीनों कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के बरेज गांव के निवासी हैं. आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 30 जुलाई को मुठानी स्टेशन के पश्चिमी छोर से सिग्नल केबल चोरी कर झाड़ियों में छिपा दिया था और बाद में दो बार रेलवे केबल को फिर से क्षतिग्रस्त किया.

दो आरोपित जेल, बाल अपचारी पर्यवेक्षण गृह भेजा गया

आरपीएफ ने चोरी का सिग्नल केबल जब्त कर दोनों वयस्क आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जहां से उन्हें केंद्रीय कारा गया भेजा गया है. वहीं, बाल अपचारी को पर्यवेक्षण गृह, गया भेजा गया है. मामले की जांच अभी जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinod kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >