Kaimur News: बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में उच्च विद्यालय भभुआ में रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गयी. प्रतियोगिता में जिले के 50 विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और एचआईवी-एड्स सहित स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर अपने ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराना था.
विभिन्न चरणों में छात्रों ने दिखाया ज्ञान
प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न चरणों में पूछे गये सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में सिविल सर्जन कैमूर डॉ चन्देश्वरी रजक, जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी, जिला शिक्षा समग्र पदाधिकारी और पर्यवेक्षक डॉ सुनील कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और एचआईवी-एड्स को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया.
एमएसआईटी पब्लिक स्कूल रहा प्रथम
प्रतियोगिता में एमएसआईटी पब्लिक स्कूल, भभुआ ने प्रथम स्थान हासिल किया. वहीं मदर शकुंतला पब्लिक स्कूल, अखलासपुर पटिया को द्वितीय और 10+2 हाई स्कूल, रामगढ़ को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ. प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों ने मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.
स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी समाज के बड़े वर्ग तक पहुंचायी जा सकती है. एचआईवी-एड्स को लेकर लोगों के बीच मौजूद गलत धारणाओं को दूर करने के लिए जागरूकता जरूरी है. प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को जानकारी देने के साथ उन्हें समाज में जागरूकता फैलाने के लिए भी प्रेरित किया गया.
शिक्षक और स्वास्थ्यकर्मी भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्वास्थ्य विभाग के कर्मी मौजूद रहे. समापन के दौरान अतिथियों ने विजेता विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ अन्य प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
