Kaimur News : कैमूर जिला में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में जिला नियोजनालय द्वारा शुक्रवार को मोहनिया स्थित शारदा ब्रजराज प्लस-2 उच्च विद्यालय परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया. मेले का उद्घाटन कैमूर के एडीएम सह पीजीआरओ राजेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी, डीसीएलआर कमला कांत त्रिवेदी, विद्यालय के प्राचार्य अजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
25 कंपनियों ने युवाओं को दिए रोजगार के अवसर रोजगार मेले में करीब 25 निजी कंपनियों एवं संस्थानों ने भाग लेकर जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए. बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों में आवेदन किया और साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लिया. साथ ही उन्हें कौशल विकास, स्वरोजगार और करियर निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन भी दिया गया.
सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत मिला दो लाख का चेक कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग की ओर से सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत मोहनिया प्रखंड के उसरी गांव निवासी दिवंगत राजमिस्त्री की पत्नी कुंती देवी को दो लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया.
युवाओं से अवसरों का लाभ उठाने की अपील उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एडीएम सह पीजीआरओ राजेश कुमार ने कहा कि ऐसे रोजगार मेलों का उद्देश्य जिले के शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना है. उन्होंने युवाओं से इस प्रकार के आयोजनों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
उत्साह के साथ शामिल हुए अभ्यर्थी मेले में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन तथा बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की सक्रिय भागीदारी रही. आयोजन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
