कैमूर : मोहनिया चेकपोस्ट पर ट्रक चालक का हंगामा, आरटीओ की प्राथमिकी के बाद गिरफ्तार

मोहनिया समेकित जांच चौकी पर ट्रक चालक ने जांच का विरोध करते हुए हंगामा किया और आग लगाने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

मोहनिया शहर. स्थानीय थाना क्षेत्र स्थित समेकित जांच चौकी पर शुक्रवार को जांच के दौरान एक ट्रक चालक द्वारा जांच स्थल को अवैध बताते हुए हंगामा करने और जांच में सहयोग नहीं करने का मामला सामने आया है. चालक ने कथित तौर पर अपने वाहन में आग लगाने का प्रयास भी किया. इस मामले में आरटीओ चैतन्य कुमार ने मोहनिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसके बाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने ट्रक चालक को किया गिरफ्तार

गिरफ्तार चालक औरंगाबाद के बेनीगो गांव निवासी हरदेव यादव का पुत्र सूरज कुमार बताया जाता है. चालक द्वारा भी चेकपोस्ट पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है. इस संबंध में सोशल मीडिया पर उसका बयान भी सामने आया है.

जांच के दौरान दस्तावेज मांगने पर हुआ हंगामा

आरटीओ द्वारा थाना में दिये गये आवेदन के अनुसार, शुक्रवार 11 सितंबर को दोपहर करीब 12:45 बजे जांच पदाधिकारी अपने सहयोगियों के साथ जांच चौकी पर वाहनों की जांच कर रहे थे. इसी दौरान वाहन संख्या NL01AH-3100 का चालक सूरज कुमार अपने सहयोगी नीरज कुमार के साथ जांच स्थल पर पहुंचा.

जांच स्थल को अवैध बताते हुए कार्रवाई का किया विरोध

आवेदन के अनुसार, जांच के दौरान संबंधित दस्तावेज की मांग किये जाने पर चालक ने जांच स्थल को अवैध बताते हुए वहां की कार्रवाई और कर्मियों को फर्जी करार दिया. उसने जांच में सहयोग करने से इनकार कर दिया. चालक ने अपना ट्रक जांच स्थल पर खड़ा कर वाहनों का आवागमन बाधित कर दिया.

अपने वाहन में आग लगाने का किया प्रयास

आवेदन के अनुसार चालक बार-बार कह रहा था कि वह अपने वाहन की जांच नहीं होने देगा और न ही अन्य वाहनों की जांच करने देगा. इसी दौरान चालक द्वारा अपने वाहन और खुद को आग लगाने का प्रयास किया गया. साथ ही उसने कहा कि ऐसा कर वह जांच कर्मियों को भी मामले में फंसा देगा.

सुरक्षा कर्मियों ने वाहन को पार्किंग में पहुंचाया

स्थिति बिगड़ने पर जांच कर्मियों एवं सुरक्षा कर्मियों के पहुंचने के बाद वाहन को वहां से हटाकर पार्किंग स्थल में खड़ा कराया गया. इसके बाद मामले को लेकर लिखित आवेदन थाना में दिया गया. पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर थाना लाया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है.

चालक ने मारपीट का आरोप लगाकर वीडियो किया वायरल

मोहनिया समेकित चेकपोस्ट पर शुक्रवार को चालक द्वारा हंगामा किये जाने के मामले में 51 मिनट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें चालक चेकपोस्ट पर मारपीट का आरोप लगा रहा है. वीडियो में चालक यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि गाड़ी को ओवर हाइट कहा जा रहा है तो फाइन करें, लेकिन मारपीट क्यों कर रहे हैं. हालांकि, इस वीडियो की प्रभात खबर पुष्टि नहीं करता है.

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष

इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि चेकपोस्ट पर चालक द्वारा हंगामा किये जाने के मामले में आरटीओ द्वारा प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. चालक गिरफ्तार है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

ALSO READ : कैमूर में एक ही दिन सर्पदंश के 5 मामले: खेत, छत और घर में डंसा; अस्पताल में मची अफरा-तफरी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनोद कुमार सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >