हीरो चैंपियन लीग : मोहनिया ने रामगढ़ को 100 रनों से हराया

मोहनिया अलायंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रामगढ़ रायल को 100 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया

मोहनिया शहर. स्थानीय शहर के महाराणा प्रताप कॉलेज ग्राउंड में शुक्रवार को खेले गये हीरो चैंपियन लीग 2025 के छठे मुकाबले में मोहनिया अलायंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रामगढ़ रायल को 100 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया. टॉस जीतकर मोहनिया अलायंस के कप्तान विजय सिंह ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया. टीम ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 226 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें अर्जुन चौबे ने मात्र 74 गेंदों में 22 चौकों और 4 छक्कों की मदद से तूफानी 145 रन बनाये. जबकि, लाली ने 63 रनों की बेहतरीन पारी खेली. रामगढ़ रायल की ओर से पंकज गुप्ता ने 2 विकेट लिये. लक्ष्य का पीछा करने उतरी रामगढ़ रायल की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 158 रन ही बना सकी. मोहनिया अलायंस की ओर से अभय सिंह ने 3 तथा बाबुधन ने 1 विकेट हासिल किया. शानदार शतक के लिए अर्जुन चौबे को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिसका पुरस्कार पूर्व खिलाड़ी गुड्डू चौबे द्वारा प्रदान किया गया. मैच में अंपायर की भूमिका अजय सिंह और हिमांशु सिंह ने निभायी. जबकि, मुख्य अतिथि के रूप में प्रिंस सिंह, संजय प्रेमी, बिट्टू सिंह, मेराज आलम, उदय सिंह, रवि शंकर वर्मा और अरुण चौबे उर्फ गुड्डू चौबे उपस्थित रहे. इस लीग का फाइनल मुकाबला रविवार को पुसौली वारियर्स बनाम देवहलिया डेयरडेविल्स के बीच सुबह 10 बजे से इसी ग्राउंड में खेला जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >