Kaimur News : चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से 12 अगस्त को लापता हुई 21 वर्षीय युवती के मामले में अचानक नया मोड़ आ गया है. जिस युवती की तलाश में पुलिस जुटी थी, वह अपने प्रेमी के साथ अचानक चैनपुर थाने पहुंच गयी. इसके बाद पुलिस दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी में जुट गयी है. अब न्यायालय के आदेश के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई होगी.
गोबर फेंकने की बात कहकर घर से निकली, फिर नहीं लौटी
जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त को युवती गोबर फेंकने की बात कहकर घर से निकली थी. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी. परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला. काफी तलाश के बाद युवती के पिता ने चैनपुर थाने में आवेदन दिया.
पिता ने प्रेमी पर लगाया था बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप
पिता ने मनीष कुमार शर्मा नामक युवक पर शादी की नीयत से उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया था. आवेदन में यह भी बताया गया था कि युवती घर से करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लेकर गयी है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस की जांच के बीच प्रेमी संग थाने पहुंची युवती
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने युवती की तलाश शुरू कर दी. जांच के दौरान संबंधित युवक के परिजनों पर भी दबाव बनाया जा रहा था. इसी बीच युवक और युवती दोनों अचानक चैनपुर थाने पहुंच गये. युवती के थाने पहुंचने के बाद पूरे मामले में नया मोड़ आ गया.
कोर्ट में पेश होंगे दोनों, आदेश के बाद होगी आगे की कार्रवाई
थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि युवती के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा था. इसी दौरान युवक और युवती थाने पहुंचे हैं. दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जायेगा. न्यायालय के आदेश के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
