कैमूर: शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म और वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग, पुलिस ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार

चैनपुर में नाबालिग को शादी का झांसा देकर होटल ले जाने और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Kaimur News: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देने, दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता के परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने त्वरित कदम उठाकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.

भभुआ के होटल में मांग भरकर बनाया अश्लील वीडियो

पीड़िता के चचेरे भाई द्वारा चैनपुर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पड़ोस का रहने वाला आरोपी युवक नाबालिग को बहला-फुसलाकर भभुआ स्थित एक होटल में ले गया. वहां उसने छल-कपट से उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी करने का झांसा दिया और धोखे से उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया.

आरोप है कि वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की लगातार धमकी देकर आरोपी युवक पीड़िता को अलग-अलग जगहों पर बुलाकर प्रताड़ित करता रहा.

परिजनों को दी जानकारी, मोबाइल जांच में मिले वीडियो

बीते 11 अगस्त को आरोपी ने फिर से पीड़िता को फोन कर वीडियो वायरल करने की धमकी दी और होटल आने का दबाव बनाया. घबराकर नाबालिग ने हिम्मत जुटाई और पूरी आपबीती अपने परिजनों को बताई. परिजनों ने जब आरोपी युवक का मोबाइल फोन जांचा, तो पाया कि मोबाइल रीसेट किए जाने के बावजूद उसमें लड़की के कई अश्लील फोटो और वीडियो मौजूद थे.

आरोपी न्यायिक हिरासत में, पीड़िता की मेडिकल जांच पूरी

मामले की जानकारी देते हुए चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि परिजनों से लिखित आवेदन प्राप्त होते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया.

थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराने के बाद न्यायालय में 164 के तहत बयान दर्ज कराने हेतु प्रस्तुत किया गया है. वहीं, गिरफ्तार आरोपी की भी मेडिकल जांच कराकर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

Also Read: भभुआ में स्कूलों से निकली तिरंगा रैली, गांव-मोहल्लों में गूंजा देशभक्ति का संदेश; ‘हर घर तिरंगा’ के लिए किया जागरूक


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ravishankar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >