कैमूर: मरहिया बाजार की सड़क बनी जानलेवा, बड़े गड्ढों से हादसे का खतरा, एक महीने से मरम्मत नहीं

कैमूर के दुर्गावती प्रखंड की मरहिया बाजार की सर्विस सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है. खतरनाक गड्ढों और जाम नालियों के कारण स्थानीय लोग परेशान हैं और बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है. प्रशासनिक अनदेखी जारी है.

Kaimur Marahiya Road Condition : कैमूर के दुर्गावती प्रखंड के मरहिया बाजार की सर्विस सड़क इन दिनों बदहाली की तस्वीर पेश कर रही है. पिछले एक महीने से सड़क पर बने गड्ढे अब खतरनाक रूप ले चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई है. लगातार उपेक्षा के कारण ये गड्ढे और गहरे होते जा रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है.

यह मार्ग क्षेत्र का बेहद व्यस्त रास्ता है, जहां से रोजाना छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है. लेकिन सड़क के बीच बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गाड़ियों को झटकों के साथ निकलना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है.

Kaimur News : गड्ढों से बचने में अनियंत्रित हो रहे वाहन

स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन कई बार अनियंत्रित हो जाते हैं. इससे सड़क किनारे खड़े लोगों को भी खतरा बना रहता है. बावजूद इसके संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.

नालियां जाम, सड़क पर फैल रहा गंदा पानी

मरहिया बाजार में बनी नालियों की हालत भी बदतर है. बाजार के पूर्वी हिस्से की नाली टूटकर जाम हो गई है, जिससे दुकानों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर ही फैल रहा है. लगातार जलभराव और भारी वाहनों के दबाव ने सड़क को जगह-जगह गड्ढों में बदल दिया है.

सड़क पर फैली गंदगी और कचरा भी सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहा है.

व्यस्त मार्ग, फिर भी अनदेखी

स्थानीय निवासी देवमुनि यादव, मंटू दूबे, शमशाद अली, अफसर अली, रबी शंकर दूबे और सुखारी राम सहित अन्य लोगों ने बताया कि यह सड़क एनएच-19 और हाटा-खरिगांव मार्ग को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है. यही कारण है कि यहां हमेशा वाहनों की आवाजाही बनी रहती है.

कैमूर की सभी खबरें यहां पढ़ें

लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन भी गुजरते हैं, इसके बावजूद सड़क की खराब स्थिति की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है.

स्थानीय लोगों की मांग

ग्रामीणों और दुकानदारों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और नालियों की सफाई कर जलनिकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है.

मरहिया बाजार की यह सड़क अब सिर्फ असुविधा नहीं, बल्कि खतरे का संकेत बन चुकी है. समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो यह लापरवाही किसी बड़ी घटना का कारण बन सकती है.

Also Read : कैमूर में रोटी बना रही विधवा महिला को सांप ने काटा, झाड़फूंक के चक्कर में हुई मौत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sachidanand singh

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >