Kaimur News : चैनपुर थाना क्षेत्र के मदुरना गांव में शराब मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को चैनपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मदुरना गांव निवासी बिठु बैठा के पुत्र सुनील बैठा के रूप में हुई है.
सात सितंबर को ऑटो से शराब पहुंचाने की मिली थी सूचना
बताया जाता है कि सात सितंबर को गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि सुनील बैठा के घर पर उजले रंग के ऑटो से शराब उतारी जा रही है. आसपास के लोगों द्वारा वीडियो बनाये जाने की जानकारी मिलने के बाद ऑटो चालक शराब लेकर उस्मान कोटि की ओर भागने लगा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस वाहन को देखते ही चालक ने ऑटो की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन पुलिस ने पीछा कर ओवरटेक करते हुए उसे रोक लिया.
ऑटो से अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद
तलाशी के दौरान ऑटो से 137 पीस आठ पीएम अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 24.660 लीटर थी. इसके अलावा 24 पीस किंगफिशर एक्स्ट्रा स्पेशल स्ट्रांग बीयर, कुल 12 लीटर तथा दो पीस रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की, कुल 750 एमएल बरामद की गयी.
Also Read : बक्सर: सहयोग शिविर में 28 शिकायतों का मौके पर समाधान, DDC ने दिया समयबद्ध निष्पादन का निर्देश
सुनील के घर शराब पहुंचाने के लिए दिये गये थे 500 रुपये
पूछताछ के दौरान ऑटो चालक कुलदीप ने पुलिस को बताया कि सुनील बैठा के घर शराब पहुंचाने के लिए उसे 500 रुपये दिये गये थे. घटना के बाद से सुनील बैठा फरार चल रहा था. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
Also Read : शाहाबाद महोत्सव: दिल्ली में 27 अक्टूबर को होगा आयोजन, कांस्टीट्यूशन क्लब में जुटेंगी नामी हस्तियां
मेडिकल जांच के बाद भेजा गया न्यायिक हिरासत में
थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार सुनील बैठा की मेडिकल जांच करायी गयी. इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : बक्सर: राजपुर में कक्षा 1 से 8 तक अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू, पहले दिन हिंदी-विज्ञान की परीक्षा
