कैमूर में विधिक जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को बताया- बातचीत से सुलझाएं विवाद, मुकदमेबाजी से बचें

कैमूर के सिकंदरपुर और भभुआ सदर अस्पताल में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के प्रति जागरूक किया गया।

Kaimur News : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (NALSA) एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के दिशा-निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), कैमूर के आदेश के आलोक में रविवार को जिले में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये. चैनपुर प्रखंड की सिकंदरपुर पंचायत भवन में सामुदायिक मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम, जबकि सदर अस्पताल भभुआ के सभागार में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित हुआ.

जमीन और पारिवारिक विवाद बातचीत से सुलझाने की अपील

सिकंदरपुर में PLV सतेन्द्र सिंह तथा कम्युनिटी मीडिएटर्स गौतम पांडेय, मनोज पांडेय और जीवन खान ने ग्रामीणों को सामुदायिक मध्यस्थता की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी.

उन्होंने कहा कि जमीन, सीमा, लेन-देन के साथ पारिवारिक और सामाजिक विवादों का समाधान आपसी बातचीत से शांतिपूर्ण तरीके से किया जा सकता है. मध्यस्थता से विवाद को लंबी मुकदमेबाजी में जाने से पहले ही सुलझाने का रास्ता निकल सकता है.

ग्रामीणों से सिकंदरपुर पंचायत को ‘मुकदमाबाजी मुक्त गांव’ बनाने में सहयोग करने की अपील की गयी. मुखिया अंजुम बेगम और पंचायत सचिव ने अभियान की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.

अस्पताल में आशा और स्वास्थ्य कर्मियों को दी कानूनी जानकारी

सदर अस्पताल भभुआ के सभागार में DLSA पैनल अधिवक्ता लल्लन प्रसाद और PLV सुमीत कुमार ने विधिक साक्षरता शिविर में लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी.

इस दौरान NALSA योजना 2024, मानसिक एवं बौद्धिक रूप से अक्षम व्यक्तियों के अधिकार, साइबर अपराध से बचाव और 1930 साइबर हेल्पलाइन के बारे में बताया गया. आशा और स्वास्थ्य कर्मियों को भी कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी दी गयी.

बाल विवाह और बाल तस्करी के खिलाफ किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह, बाल श्रम और बाल तस्करी के खिलाफ मौजूद कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गयी. वक्ताओं ने कहा कि किसी भी तरह के शोषण या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग और सक्षम प्राधिकार को सूचना देना जरूरी है.

लोगों से साइबर अपराध के मामलों में सतर्क रहने और ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गयी.

ग्रामीणों ने मुकदमाबाजी मुक्त पंचायत का लिया संकल्प

कार्यक्रम में आशा और स्वास्थ्य कर्मियों समेत बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे. सिकंदरपुर में ग्रामीणों ने उपस्थिति पंजी पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान दर्ज कर सामुदायिक मध्यस्थता के प्रति अपनी सहमति व्यक्त की.

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के साथ छोटे-बड़े विवादों को बातचीत और मध्यस्थता के जरिये शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के लिए प्रेरित करना रहा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >