ट्रक के धक्के से साइकिल सवार मजदूर की मौत, एनएच जाम

सदासपुर गांव के समीप एनएच 19 पर सड़क हादसे के बाद नाराज लोगों ने घंटों किया प्रदर्शन

रफ्तार का कहर. सदासपुर गांव के समीप एनएच 19 पर सड़क हादसे के बाद नाराज लोगों ने घंटों किया प्रदर्शन # मुआवजे की मांग पर तीन घंटे तक बाधित रहा आवागमन, ट्रक जब्त, चालक फरार एनएच के दोनों लेन को जाम कर गुस्साये लोगों ने ट्रक में की तोड़फोड़ एसडीएम व डीएसपी ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर कराया शांत मोहनिया शहर. स्थानीय थाना क्षेत्र के सदासपुर गांव के समीप एनएच 19 पर गुरुवार की सुबह ट्रक के धक्के से साइकिल सवार एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गयी. इधर, घटना से नाराज लोगों ने करीब तीन घंटे तक सड़क को जाम कर प्रदर्शन किया. मृतक सदासपुर गांव निवासी राजेंद्र वैध का पुत्र प्रमोद वैद्य बताया जाता है. जानकारी के अनुसार, प्रमोद वैद्य साइकिल से अकोढ़ी गांव राशन लेने जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक डीसीएम ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गयी, साथ ही साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. हादसे के बाद चालक ट्रक को कुछ दूरी पर खड़ा कर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये और एनएच के दोनों लेन को जाम कर दिया. इस दौरान गुस्साये लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ भी की. सूचना पर पहुंची मोहनिया पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे. ग्रामीणों का उचित मुवावजा व डीएम-एसपी को घटनास्थल पर बुलाने पर अड़े रहे. इसके बाद मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी और डीएसपी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत कराया गया. इसके बाद जाम हटाया गया, तब जाकर वाहनों का परिचालन सुचारू हुआ. सरदासपुर गांव के समीप साइकिल से राशन लेने जा रहे मजदूर की दर्दनाक मौत के बाद ग्रामीण काफी आक्रोशित हो गये. सुबह सात बजे से एनएच 19 सड़क के दोनों लेन को जाम कर दिया गया. प्रशासन के लाख प्रयास के बाद भी तीन घंटे तक सड़क जाम रहा. लोगों ने दुर्घटना में शामिल ट्रक में तोड़ फोड़ भी की. जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गयी थी, गर्मी में जाम में फंसे लोग भूख प्यास से परेशान दिखे. # परिजनों को तत्काल दी गयी 20 हजार की राशि सरदासपुर गांव के समीप एनएच 19 पर दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मजदूर की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था. मृतक अपने पीछे पत्नी हितउ देवी, दो पुत्र और तीन पुत्रियां छोड़ गये हैं. घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था, जो लगातार यह कह रही थी की आखिर अब किसके भरोसे जीवन चलेगा. इधर प्रशासन द्वारा तत्काल राहत के रूप में पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी गयी. जबकि, एसडीएम ने कहा कि सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाला मुआवजा भी पीड़ित परिवार को दिया जायेगा. # चालक को भगाने के आरोप में तीन हिरासत में सरदासपुर गांव के समीप जिस ट्रक के धक्के से साइकिल सवार मजदूर की मौत हुई थी, उस ट्रक के चालक को ग्रामीणों ने पकड़ पहले कमरे में बंद कर दिया था, लेकिन चालक के हाथ पैर जोड़ने के बाद घर से भगा दिया गया. इसे देखते हुए पुलिस सरदासपुर गांव से तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गयी है. थानाध्यक्ष ने बताया की यदि चालक को लोग नहीं सौंपते हैं, तो प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया जायेगा. # क्या कहते हैं डीएसपी इस संबंध में मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा गया है. दुर्घटना में शामिल डीसीएम ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >