Kaimur News : दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र के मसौढ़ा पंचायत अंतर्गत निपरान गांव के ग्रामीणों को बाढ़ के बीच आवागमन की सुविधा मिल गयी है. कर्मनाशा नदी में आयी बाढ़ के कारण चौतरफा पानी से घिरे गांव के लोगों के लिए प्रशासन ने गुरुवार की दोपहर दो नाव उपलब्ध करा दी. नाव पहुंचते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गयी. ग्रामीणों ने इसके लिए प्रशासन और रामगढ़ विधायक सतीश यादव उर्फ पिंटू के प्रति आभार जताया.
8-10 फीट पानी से बंद हो गया था रास्ता
कर्मनाशा नदी में बाढ़ आने के कारण निपरान गांव चौतरफा पानी से घिर गया था. गांव में आने-जाने वाले रास्ते पर करीब 8 से 10 फीट बाढ़ का पानी बह रहा था. इसके कारण ग्रामीणों का बाजार से संपर्क पूरी तरह प्रभावित हो गया था. जरूरी सामान खरीदने के लिए भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
विधायक ने गांव पहुंचकर लिया था जायजा
बाढ़ की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद रामगढ़ विधायक सतीश यादव उर्फ पिंटू ने बुधवार की सुबह निपरान गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया था. इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक से गांव में नाव उपलब्ध कराने की मांग की थी. विधायक ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर निपरान गांव की स्थिति की जानकारी दी और नाव उपलब्ध कराने का आग्रह किया.
अधिकारियों ने गांव पहुंचकर देखी स्थिति
इसके बाद दुर्गावती अंचलाधिकारी राजा कुमार, राजस्व अधिकारी मदन राय और राजस्व कर्मचारी शेख इमरान अली बाढ़ प्रभावित निपरान गांव पहुंचे. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जलभराव और आवागमन की स्थिति का जायजा लिया. ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए सीओ ने तत्काल नाव उपलब्ध कराने के लिए संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया.
खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने उपलब्ध करायी नाव
निपरान गांव के बाढ़ में घिरे होने और नाव उपलब्ध कराने की ग्रामीणों की मांग को लेकर प्रभात खबर में गुरुवार को प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गयी थी. खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार की दोपहर गांव के लिए दो नाव उपलब्ध करा दी.
नाव पहुंचते ही ग्रामीणों में खुशी
गुरुवार को निपरान गांव में दो नाव पहुंचते ही ग्रामीणों ने खुशी जतायी. अब ग्रामीण नाव के माध्यम से बाजार आकर जरूरी सामान खरीद सकेंगे और आवागमन कर सकेंगे. ग्रामीणों ने प्रशासन और विधायक को धन्यवाद देते हुए कहा कि नाव उपलब्ध होने से बाढ़ के दौरान उनकी बड़ी समस्या का समाधान हुआ है.
बाढ़ रहने तक चलती रहेंगी नावें
राजस्व कर्मचारी शेख इमरान अली ने बताया कि गुरुवार की दोपहर से निपरान गांव के ग्रामीणों के लिए दो नाव चलायी जा रही हैं. उन्होंने कहा कि जब तक गांव बाढ़ प्रभावित रहेगा, तब तक नावों का परिचालन जारी रखा जायेगा. इसका उद्देश्य ग्रामीणों को बाजार आने-जाने में किसी तरह की परेशानी नहीं होने देना है.
