VB-G RAM G Yojana e-KYC : कैमूर जिले के सभी 11 प्रखंडों में जीरामजी(VB-G RAM G) योजना के कार्डधारियों की ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है. जिन श्रमिकों की ई-केवाईसी पूरी होगी, उन्हें ही जीरामजी(VB-G RAM G) से जुड़ी विभिन्न श्रमिक योजनाओं का लाभ मिल सकेगा. विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में जीरामजी (VB-G RAM G) योजना के कुल 1,77,355 सक्रिय श्रमिक हैं. इनमें से 15 सितंबर तक 1,57,702 श्रमिकों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि 19,653 श्रमिकों की ई-केवाईसी अभी लंबित है.
ई-केवाईसी नहीं कराने पर योजना के लाभ से हो सकते हैं वंचित
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि ई-केवाईसी अपडेट नहीं कराने वाले श्रमिकों को जीरामजी(VB-G RAM G) से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है. उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी पूरा कराने के लिए जिले में अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य श्रमिक के आधार और जीरामजी(VB-G RAM G) से जुड़े रिकॉर्ड का सत्यापन करना है, ताकि योजना का लाभ पात्र लाभुक तक पहुंच सके.
11 प्रखंडों में 1.57 लाख श्रमिकों की ई-केवाईसी पूरी
विभाग के अनुसार, अधौरा प्रखंड में 16,200, भभुआ में 30,214, भगवानपुर में 11,599, चैनपुर में 24,001, चांद में 13,240, दुर्गावती में 8,868, कुदरा में 16,997, मोहनियां में 17,454, नुआंव में 11,026, रामगढ़ में 10,155 और रामपुर में 17,601 सक्रिय श्रमिक हैं.
15 सितंबर तक अधौरा में 13,408, भभुआ में 27,414, भगवानपुर में 10,526, चैनपुर में 21,514, चांद में 11,775, दुर्गावती में 7,833, कुदरा में 15,215, मोहनियां में 15,565, नुआंव में 9,661, रामगढ़ में 9,292 और रामपुर में 15,589 श्रमिकों की ई-केवाईसी पूरी की जा चुकी है.
मोहनियां में 1,889 और भभुआ में 2,800 ई-केवाईसी लंबित
विभाग की जानकारी के मुताबिक, अधौरा में 2,792, भभुआ में 2,800, भगवानपुर में 1,073, चैनपुर में 2,487, चांद में 1,465, दुर्गावती में 1,035, कुदरा में 1,782, मोहनियां में 1,889, नुआंव में 1,365, रामगढ़ में 953 और रामपुर में 2,012 श्रमिकों की ई-केवाईसी अभी लंबित है.
विभाग की ओर से लंबित ई-केवाईसी को पूरा कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. श्रमिकों से अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की गयी है, ताकि उन्हें जीरामजी(VB-G RAM G) योजना से मिलने वाले लाभ में परेशानी न हो.
