Kaimur : कैमूर जिले में विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने दो थाना क्षेत्रों में नए थानाध्यक्षों की पदस्थापना की है. यह आदेश पुलिस उप-महानिरीक्षक, शाहाबाद क्षेत्र, डेहरी-ऑन-सोन के अनुमोदन के बाद जारी किया गया है. पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी.
रामगढ़ थाना की कमान संभालेंगे सुमित कुमार
जारी आदेश के अनुसार पुलिस निरीक्षक सुमित कुमार को रामगढ़ थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. रामगढ़ थाना पुलिस निरीक्षक स्तर का थाना होने के कारण उनकी नियुक्ति इस पद पर की गई है. उनसे क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की अपेक्षा की गई है.
चांद थाना के नए थानाध्यक्ष बने हरिप्रसाद शर्मा
पुलिस अवर निरीक्षक हरिप्रसाद शर्मा को चांद थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. चांद थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष भागीरथ कुमार के निलंबन के बाद यह पद रिक्त था, जिसे अब हरिप्रसाद शर्मा की नियुक्ति से भर दिया गया है.
अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा पर रहेगा फोकस
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिले में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. नए थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
