Kaimur News : चार हत्याकांड के आरोपितों का मेडिकल परीक्षण, कड़ी रही सुरक्षा व्यवस्था

Kaimur News : चर्चित चार हत्याकांड मामले के आरोपितों का मेडिकल जांच के बीच सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

Kaimur News (रंजय जायसवाल) : रामगढ़ थाना क्षेत्र के डहरक गांव निवासी कृष्ण मुरारी गुप्ता, उनकी पत्नी एवं दो मासूम बच्चों की निर्मम हत्या मामले का छह दिनों के भीतर उद्भेदन करने के बाद कैमूर पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है. इसी क्रम में रविवार की दोपहर पुलिस ने हत्याकांड के दो आरोपितों को मेडिकल परीक्षण के लिए रामगढ़ रेफरल अस्पताल लाया.

शरीर पर लगे चोट के संबंध में हुई पूछताछ

मेडिकल जांच के लिए लाए गए आरोपितों में मृतक का सगा भाई विकास कुमार, पिता कर्मपाल गुप्ता, तथा परिवार की नवविवाहिता आंचल कुमारी, पति सुभाष गुप्ता शामिल हैं. अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह द्वारा दोनों आरोपितों की स्वास्थ्य जांच की गई. जांच के दौरान उनके शरीर पर मौजूद निशानों का विवरण चिकित्सकीय कागजात में दर्ज किया गया. साथ ही डॉक्टर द्वारा आरोपितों से नाम, पता एवं शरीर पर लगे चोट के निशानों के संबंध में पूछताछ भी की गई.

अस्पताल में कड़ी रही सुरक्षा व्यवस्था

मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों आरोपितों को पुनः पुलिस अभिरक्षा में वापस भेज दिया गया. इस दौरान अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी रही. महिला पुलिसकर्मियों सहित कई पुलिस जवान तैनात रहे और पूरे समय मुस्तैदी दिखाई दी.

पुलिस अधीक्षक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देंगे मामले की विस्तृत जानकारी

उल्लेखनीय है कि डहरक गांव में हुए इस सनसनीखेज चार हत्याकांड ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था. घटना के उद्भेदन को लेकर जिले के पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला द्वारा भभुआ स्थित कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की विस्तृत जानकारी दिए जाने की बात कही गई है.

Also Read : बेगूसराय में 15 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, शातिर गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

YUVRAJ RATAN is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >