ईओ से नोकझोंक के बाद युवक हिरासत में, कैमूर में सड़क से हटाए गए अवैध ठेले

Kaimur News: कैमूर जिले के रामगढ़ नगर पंचायत में दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहा. कार्यपालक पदाधिकारी राहुल कुमार और थानाध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में दुर्गा चौक से अंबेडकर चौक तक मुख्य सड़क से अतिक्रमण हटाया गया.

Kaimur News: (रामगढ़ से रंजय जायसवाल की रिपोर्ट) :
नगर पंचायत द्वारा मुख्य सड़क को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान गुरुवार की देर शाम दूसरे दिन भी जारी रहा. नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) राहुल कुमार और एसएचओ हरि प्रसाद शर्मा के संयुक्त नेतृत्व में दुर्गा चौक से अंबेडकर चौक तक मुख्य सड़क पर विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया गया. इस कार्रवाई के दौरान बाजार क्षेत्र में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

फल-सब्जी के ठेले जब्त, ईओ से नोकझोंक के बाद युवक हिरासत में

अभियान के दौरान मुख्य सड़क पर अवैध रूप से लगाए गए फल और सब्जी के दो से तीन ठेलों को नगर पंचायत की टीम ने जब्त कर लिया और ट्रैक्टर पर लादकर नगर पंचायत परिसर ले गई. इसी बीच, पंजाब नेशनल बैंक के समीप मुख्य सड़क पर नाले के ऊपर दुकान लगाए एक ठेला दुकानदार से कार्यपालक पदाधिकारी की तीखी नोकझोंक हो गई. स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित युवक को हिरासत में ले लिया और पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले गई.

अवैध पार्किंग और अतिक्रमण करने वालों पर लगाया जाएगा जुर्माना

कार्यपालक पदाधिकारी राहुल कुमार ने अभियान के दौरान सड़क किनारे दुकान लगाने वालों और वाहन चालकों को सख्त लहजे में स्पष्ट संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग और अतिक्रमण अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने साफ किया कि शहर को व्यवस्थित रखने के लिए यह अभियान अब प्रतिदिन चलाया जाएगा. इसके बाद भी यदि कोई अतिक्रमण या अवैध पार्किंग करते पाया गया, तो उस पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. इस अभियान के दौरान नगर पंचायत के कई कर्मी और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे.

Also Read: कैमूर में तेज रफ्तार का कहर: जीजा-साली की बाइक को रौंदते हुए पलटी पिकअप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >