कैमूर में प्रसूता की मौत केस में पुलिस का एक्शन, लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार

Kaimur News: कैमूर जिले के मोहनिया में जय मां मुंडेश्वरी हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी सरोज सिंह को पुलिस ने परसथुआ स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया है. 20 अगस्त 2025 को कथित फर्जी डॉक्टरों की लापरवाही के कारण एक प्रसूता की जान चली गई थी, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की थी.

मोहनिया से विनोद कुमार सिंह की रिपोर्ट
Kaimur News:
कैमूर जिले के मोहनिया शहर में पीएनबी बैंक के पास स्थित जय मां मुंडेश्वरी हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहतास जिला के दिनारा थाना स्थित डेलुआ गांव निवासी बबन सिंह के पुत्र सरोज सिंह के रूप में हुई है. आरोपी का एक मकान परसथुआ में भी है, जहां से गुप्त सूचना के आधार पर मोहनिया पुलिस ने मंगलवार देर रात छापेमारी कर उसे दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है और मामले में उसकी भूमिका की गहन जांच की जा रही है.

ऑपरेशन के दौरान लापरवाही का आरोप, नवजात की भी हालत हुई थी गंभीर

जानकारी के अनुसार, कौडीराम गांव निवासी प्रसूता श्वेता कुमारी को प्रसव के लिए उक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया था. प्रसव के दौरान कथित फर्जी डॉक्टरों द्वारा घोर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत हो गई. इस घटना में नवजात की स्थिति भी बेहद गंभीर हो गई थी, हालांकि वह सुरक्षित बच गया. घटना के बाद मृतका के पति चंदन सिंह ने मोहनिया थाना में आवेदन देकर अस्पताल प्रबंधन और कथित फर्जी डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी.

20 अगस्त 2025 की घटना: हंगामे के बाद सील हुआ था अस्पताल

यह पूरा मामला 20 अगस्त 2025 का है, जब मोहनिया थाना के कौडीराम गांव निवासी चंदन सिंह अपनी पत्नी श्वेता सिंह के प्रसव के लिए इस फर्जी अस्पताल पहुंचे थे. इलाज में लापरवाही के कारण महिला की मौत के बाद नाराज लोगों ने सड़क जाम कर जमकर तोड़फोड़ और हंगामा किया था. बवाल बढ़ता देख फर्जी डॉक्टर और अस्पताल के अन्य कर्मी मौके से फरार हो गए थे. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल को सील कर दिया था. तब से ही इस मामले के सभी आरोपी फरार चल रहे थे.

एसएचओ का बयान: आरोपी को भेजा गया जेल

इस संबंध में मोहनिया के थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि प्रसूता मौत मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया.

Also Read: कैमूर में CM सम्राट चौधरी के दौरे से पहले मुंडेश्वरी धाम पहुंचे DIG, सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >