कैमूर में बोरे में शव मिलने की अफवाह से हड़कंप, जांच में निकले मरे हुए मुर्गे

Kaimur News: कैमूर के मोहनिया थाना क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज के पास दो संदिग्ध बोरों को देखकर शव होने की आशंका से हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की तो बोरे में मरे हुए मुर्गे मिले.

Kaimur News(विनोद कुमार सिंह): कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जिगिना रेलवे ओवरब्रिज के दक्षिण शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने दो बोरे में शव होने की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

बोरे से मिले मरे हुए मुर्गे

पुलिस ने सतर्कता के साथ दोनों बोरों को खुलवाया तो उसमें किसी व्यक्ति का शव नहीं, बल्कि मरे हुए मुर्गे पाए गए. इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति ने मरे हुए मुर्गों को बोरे में भरकर वहां फेंक दिया था. बोरे की संदिग्ध स्थिति देखकर लोगों को लगा की उसमें शव है और लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी.

एक घंटे तक इलाके में लोगों की भीड़ लगी रही

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की पूरी जांच की. फोरेंसिक टीम ने भी स्थल का निरीक्षण किया. हालांकि जांच में किसी प्रकार की आपराधिक घटना सामने नहीं आई. करीब एक घंटे तक इलाके में लोगों की भीड़ लगी रही और लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते रहे.

अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील

मोहनिया एसएचओ आलोक कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से बोरे में शव होने की सूचना मिली थी. सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की गई. इंवेस्टिगेशन में बोरे के अंदर मरे हुए मुर्गे मिले. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की.

Also Read: भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था पर सख्त हुए गया DM, अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >