कैमूर में मुहर्रम पर दिखी गंगा-जमुनी तहजीब, हिन्दू समाज के लोगों ने बढ़ाया ताजियादारों का हौसला

Kaimur Muharram Procession : कैमूर के नुआंव मेला मैदान में मुहर्रम के अवसर पर नुआंव, गैरा और देउरिया गांव के ताजियों का पारंपरिक मिलन हुआ. खिलाड़ियों ने तलवार, बनेठी और अन्य पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया.

नुआंव से संजय जायसवाल की रिपोर्ट
Kaimur Muharram Procession :
शुक्रवार की शाम नुआंव बाजार के मेला मैदान में मुहर्रम पर्व पर एक भव्य नजारा देखने को मिला. यहां तीन गांवों (नुआंव, गैरा और देउरिया) के ताजियों का पारंपरिक मिलन हुआ. इस दौरान मेला मैदान में पहुंचे तीनों गांवों के ताजियादारों के लिए ‘शहीद-ए-आजम कमेटी’ द्वारा खेल के मैदान पर करतब दिखाने का उचित प्रबंध किया गया था.

पूर्व मुखिया ने किया उद्घाटन

इस खास कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन पूर्व मुखिया अनीश द्वारा तीनों गांवों के उस्तादों को पगड़ी बांधकर किया गया. वहीं, क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब को चरितार्थ करते हुए मौके पर पहुंचे हिंदू समाज के ललन पांडेय, मुखिया प्रतिनिधि द्वारिका प्रसाद और मुन्ना जायसवाल ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का जमकर हौसला अफजाई किया.

खिलाड़ियों ने दिखाए शानदार करतब

मेला मैदान में लगभग 3 घंटे तक खिलाड़ियों द्वारा बाना, बनेठी, तलवार, गड़ासा और लकड़ी के सहारे तरह-तरह के पारंपरिक खेल करतब दिखाए गए. खिलाड़ियों ने अपने शानदार हुनर से वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया. इससे पहले, दोपहर 11 बजे सबसे पहले नुआंव के ‘शहीद-ए-आजम एकता कमेटी’ द्वारा नुआंव के अखाड़े से ताजिया का उठान किया गया.

अखाड़ों का तय रूट

नुआंव से उठा यह ताजिया मुख्य सड़क होते हुए सबसे पहले गैरा गांव पहुंचा. इसके बाद गैरा से दोनों ताजिया एक साथ पुनः नुआंव बाजार होते हुए पूरब दिशा में स्थित मेला मैदान पहुंचे. दूसरी तरफ, देउरिया गांव से भी मुख्य सड़क के रास्ते ताजिया मेला मैदान पहुंचा. खेल समापन के बाद तीनों ताजिया पहलाम के लिए नुआंव गांव की मुख्य गली से मातमी मसीहा करते हुए कर्बला के लिए रवाना हुए.

मुस्तैद रहा स्थानीय प्रशासन

आयोजन के दौरान क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के लिए थानाध्यक्ष शांतनु कुमार, सीओ दिलीप कुमार और बीडीओ कृष्ण मुरारी थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील जगहों पर लगातार गश्त करते देखे गए.

मौके पर सरपंच प्रतिनिधि गजेंद्र यादव, शकील अहमद, हसनाथ सिद्दीकी, हाजी अशरफ, अजय जायसवाल, मिंटू होदा, पूर्व पार्षद हारून अंसारी, निशिकांत पांडेय, ताजियादार असगर अब्बासी, उस्ताद मंसूर अब्बासी, अध्यक्ष शकील अहमद, उस्ताद एजाज अहमद, उस्ताद लाला, जिसु, फैज सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

Also Read : कर्मनाशा पुल पर बिहार-यूपी के तीन ताजियों का हुआ ऐतिहासिक मिलन, गूंजी ‘या हुसैन’ की सदाएं

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों से जुड़ी हाइपरलोकल खबरों, शिक्षा, रोजगार, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार के विषयों पर समाचार लेखन का कार्य कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >