Kaimur Accident News: कैमूर जिले के चांद बाजार में सोमवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग की चपेट में आने से तीन मैजिक वाहन और तीन गुमटियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो चुकी थी.
तीन वाहन और तीन गुमटियां जलीं
आग लगने से अजय चौहान (पिता- श्रीराम चौहान), सिपाही यादव की सैलून गुमटी, हवलदार साह (पिता- स्व. मुनक्का साह) की गुमटी और गुड साह (पिता- हवलदार साह) की मैजिक वाहन जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई.
सुबह सड़क जाम कर जताया विरोध
घटना से नाराज पीड़ितों और स्थानीय लोगों ने मंगलवार सुबह चांद बाजार में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा. पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया.
पहले भी हो चुकी है आग की घटना
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है. दो वर्ष पहले भी इसी तरह रात में आग लगी थी, जिसमें बड़ी मात्रा में लकड़ी जलकर राख हो गई थी. इससे लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ गई है.
पुलिस जांच में जुटी
चांद थाना अध्यक्ष भागीरथ कुमार ने बताया कि सोमवार रात आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया था, जिसके बाद आग पर काबू पा लिया गया. उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
