Kaimur Accident: (कैमूर से पंकज सिंह) बीते रविवार की रात स्थानीय प्रखंड के विधुत कनीय अभियंता सत्येंद्र कुमार और विभाग के जेएलएम (जूनियर लाईनमैन) अविनाश कुमार गुप्ता सड़क दुर्घटना में बूरी तरह घायल हो गए. यह घटना रविवार की रात करीब 8:30 बजे की भगवानपुर-जैतपुर कला पथ अंतर्गत सुगिया पोखर इलाके के सकरी पीपल (दईंतरा बाबा) के समीप की बताई जा रही है.
जूनियर इंजीनियर और जूनियर लाईनमैन सड़क हादसे में घायल
घटना के संबंध में पता चला है कि विभाग के जूनियर इंजीनियर सत्येंद्र कुमार और उनके जूनियर लाईनमैन किसी काम को खत्म कर जैतपुर कला की ओर से स्कूटी पर सवार होकर भगवानपुर के रास्ते भभुआ के लिए जा रहे थे. तभी स्कूटी का पहिया स्लिप कर गया और दोनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए. घटना के बाद पथिकों के सहयोग से घायलों को प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
जूनियर लाईनमैन की हालत नाजुक
जहां डॉ. मंजर हुसैन के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों ने उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें सदर अस्पताल भभुआ के लिए रेफर कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल जूनियर लाईनमैन को भभुआ सदर अस्पताल से भी पीएमसीएच पटना के लिए रेफर कर दिया गया. इस घटना की सूचना होने पर विभाग के कई कर्मी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर सदर अस्पताल में देर रात तक डंटे रहे. विभाग के कर्मियों से प्राप्त सूचना के अनुसार इस घटना में कनीय अभियंता का हाथ टूट गया है, वहीं जूनियर लाईनमैन की जांघ में अत्यंत गंभीर चोट पहुंची है.
पहले भी जूनियर लाईनमैन हुए थे सड़क हादसे के शिकार
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जूनियर लाईनमैन की पूर्व की एक अन्य सड़क दुर्घटना में जांघ की हड्डी टूट गई थी, जिसके बाद चिकित्सकों ने उनके जांघ में अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से उसमें स्टील रॉड फिट किया था, मगर रात की घटना में दुर्भाग्य से उसी जगह पर एक बार फिर गंभीर चोट लग गई. इधर घटना के बाद क्षतिग्रस्त स्कूटी को घटनास्थल से उठाकर पुलिस थाने लाई. घायलों का इलाज जारी है.
