Kaimur News : गुरुवार की दोपहर चैनपुर थाना क्षेत्र के केंवा के पास स्थित बाल सुधार गृह में एक बाल कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. घटना के बाद बाल सुधार गृह में हड़कंप मच गया. वहीं, मृत बाल कैदी के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है.
बाल सुधार गृह से बाल कैदी को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे कर्मी अजय कुमार ने बताया कि बाल कैदी बाथरूम में गिरा हुआ मिला था. बाथरूम का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया और बीपी की जांच के बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
कोर्ट से लौटने के बाद बाथरूम में बंद मिला था बाल कैदी
बाल सुधार गृह के कर्मी अजय कुमार के अनुसार, बाल कैदी कोर्ट से लौटकर आया था. उस समय खाना खाने का समय हो गया था. जब उसकी तलाश की गयी तो अन्य बच्चों ने बताया कि वह काफी देर से बाथरूम में बंद है. इसके बाद संदेह होने पर बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया, जहां वह गिरा हुआ मिला.
कर्मी ने बताया कि उसे बाहर निकालने के बाद बीपी की जांच की गयी और तत्काल सदर अस्पताल लाया गया. उनके अनुसार, पूरी घटना बाल सुधार गृह में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है और इसके अलावा कोई अन्य घटना नहीं हुई है. मृत बाल कैदी भभुआ शहर के छावनी मोहल्ले का रहने वाला था.
Also Read : कैमूर में बच्चों के विवाद में महिला से मारपीट, बचाने पहुंचे पुत्र-पुत्री को भी पीटा
मां ने कहा- न्यायालय में पेशी के दौरान बिल्कुल स्वस्थ था बेटा
बाल कैदी की मौत की जानकारी मिलते ही उसकी मां और अन्य परिजन सदर अस्पताल पहुंच गये. बेटे का शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. मृतक की मां ने बताया कि उसका बेटा पूरी तरह स्वस्थ था और गुरुवार को न्यायालय में पेशी के लिए आया था. न्यायालय में मुलाकात के दौरान उसने परिजनों से ठीक से बातचीत की थी.
मां के अनुसार, बेटे की जमानत के लिए परिजन लगातार प्रयास कर रहे थे. जिन लोगों की ओर से बलात्कार एवं अन्य आरोपों में मामला दर्ज कराया गया था, उनसे सुलह-समझौता भी हो गया था. ऐसे में बाल सुधार गृह में अचानक बाथरूम में गिरने से मौत की बात पर उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है. उन्होंने साजिश के तहत हत्या किये जाने का आरोप लगाते हुए मामले की गंभीरता से जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
19 अगस्त से बाल सुधार गृह में बंद था बाल कैदी
मृतक की मां ने बताया कि उसका बेटा पिछले 19 अगस्त से बाल सुधार गृह में बंद था. उसके खिलाफ भभुआ थाने में बलात्कार, वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने सहित अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. मामले में सुलह-समझौता होने के बाद भी उसकी जमानत के लिए न्यायालय में लगातार प्रयास किया जा रहा था.
परिजनों का कहना है कि जब भी बाल कैदी की न्यायालय में पेशी होती थी, उनसे मुलाकात होती थी. उस दौरान वह पूरी तरह स्वस्थ रहता था और उसे स्वास्थ्य संबंधी कोई परेशानी नहीं थी. परिजनों ने कहा कि अचानक उसकी मौत की सूचना मिलने से वे स्तब्ध हैं और उन्हें घटना पर संदेह है.
न्यायालय में मुलाकात के दो घंटे बाद मिली मौत की सूचना
मृतक की मां ने बताया कि घटना से करीब दो घंटे पहले ही न्यायालय में पेशी के दौरान बेटे से मुलाकात हुई थी. उस समय वह पूरी तरह स्वस्थ और खुश था. उसे उम्मीद थी कि जल्द ही उसकी जमानत हो जायेगी और वह बाल सुधार गृह से बाहर आ जायेगा.
परिजनों के अनुसार, न्यायालय से मुलाकात के बाद वे घर लौटे ही थे कि करीब दो घंटे के अंदर बेटे की मौत की सूचना मिल गयी. मां ने कहा कि जिस परिस्थिति में मौत की जानकारी दी जा रही है, उस पर उन्हें विश्वास नहीं है और उन्हें साजिश की आशंका है.
Also Read : दुर्गावती नदी पार करते समय पानी के तेज बहाव में बहा अधेड़, झाड़ियों में मिला शव
तीन सदस्यीय मेडिकल टीम ने वीडियो निगरानी में किया पोस्टमार्टम
बाल सुधार गृह में बाल कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय मेडिकल टीम ने पोस्टमार्टम किया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया वीडियो कैमरे की निगरानी में करायी गयी. मेडिकल टीम में डॉक्टर अमरेश कुमार, डॉक्टर सतीश कुमार और डॉक्टर श्यामा कांत शामिल रहे.
Also Read : कैमूर NH-219 पर गिट्टी-बालू का कारोबार, राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी
एसपी ने कहा- सभी बिंदुओं पर बारीकी से हो रही जांच
एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया है. घटनास्थल की जांच स्पेशल टीम द्वारा की गयी है. इसके अलावा एसडीएम भभुआ और एसडीपीओ भभुआ ने भी संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण किया है.
एसपी ने बताया कि घटना से जुड़े सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है. इसके साथ ही मामले में न्यायिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है.
Also Read : भूमिहीनों को जमीन और वासगीत पर्चा देने की मांग, भभुआ प्रखंड कार्यालय में मजदूर संगठन का धरना
