भभुआ (कैमूर): राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भभुआ में मंगलवार को 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया. शिविर में कैमूर जिलाधिकारी कुमार अनुराग और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने शिरकत कर छात्रों से सीधा संवाद स्थापित किया. इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, संस्थान में बुनियादी सुविधाओं, प्रशिक्षण से जुड़ी आवश्यकताओं और विभिन्न व्यक्तिगत व प्रशासनिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की.
पोर्टल और 1100 हेल्पलाइन से समाधान
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए बताया कि अब किसी भी समस्या या शिकायत के निवारण के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं है. छात्र अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे 'विद्यार्थी सहयोग पोर्टल' पर ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं. इसके अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1100 पर भी कॉल करके अपनी समस्या दर्ज कराई जा सकती है, जहां से शिकायतों का त्वरित व पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाता है.
समस्याओं के त्वरित निवारण का भरोसा
जिलाधिकारी कुमार अनुराग ने छात्रों को डिजिटल माध्यमों और उपलब्ध शिकायत निवारण प्रणाली का सक्रिय उपयोग करने के लिए प्रेरित किया. वहीं पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर छात्रों से फीडबैक लिया और उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया. अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि शिविर का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों और प्रशासन के बीच की दूरी को समाप्त करना है. कार्यक्रम में आईटीआई के प्राचार्य, शिक्षक, कर्मी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
