आवास सहायक का पैसा लेते वायरल वीडियो के मामले में जांच टीम गठित

आवास सहायक को तत्काल प्रभाव से चैनपुर से हटाकर बुलाया गया जिला मुख्यालय

= आवास सहायक को तत्काल प्रभाव से चैनपुर से हटाकर बुलाया गया जिला मुख्यालय वीडियो वायरल होते ही डीडीसी ने लिया संज्ञान भभुआ. चैनपुर प्रखंड की मदुरना पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत किसी लाभुक से पैसा लिये जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले की जांच के लिए उप विकास आयुक्त द्वारा टीम का गठन किया गया है. साथ ही आवास सहायक सौरभ पांडेय को चैनपुर प्रखंड की मदुरना पंचायत से हटाते हुए जिला समाहरणालय के ग्रामीण विकास विभाग से संबद्ध कर दिया गया है. गौरतलब है कि बुधवार को मदुरना पंचायत के आवास सहायक द्वारा एक व्यक्ति से पैसा लेते हुए और उसे जेब में रखते हुए का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था. इसी वीडियो के आधार पर, बिना सत्यता की पुष्टि किये, प्रभात खबर द्वारा इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था. खबर छपने के बाद उप विकास आयुक्त दिव्या शक्ति ने तत्काल इस मामले में संज्ञान लिया. गुरुवार को इस संबंध में पूछे जाने पर उप विकास आयुक्त ने बताया कि वीडियो वायरल मामले को गंभीरता से लेते हुए एक जांच टीम का गठन किया गया है. साथ ही तत्काल प्रभाव से संबंधित ग्रामीण आवास सहायक को मदुरना पंचायत से हटाकर जिला मुख्यालय स्थित डीआरडीए कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है. जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक आवास सहायक डीआरडीए कार्यालय से ही संबद्ध रहेंगे. उन्होंने बताया कि जांच टीम पूरे मामले की जांच करने के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी. निलंबन को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल निलंबन की कोई कार्रवाई नहीं की गयी है. मिली जानकारी के अनुसार, जांच टीम का नेतृत्व डीआरडीए निदेशक मयंक कुमार सिंह करेंगे. टीम के अन्य सदस्यों में एपीओ रत्नेश कुमार व डीआरडीए कर्मी निर्भय कुमार को शामिल किया गया है. बताया जाता है कि यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. वीडियो के सामने आने के बाद ग्रामीणों द्वारा आवास योजना में भ्रष्टाचार को लेकर आरोप लगाये जा रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में लाभुकों से अवैध वसूली की जाती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >