रामगढ़. बीते दिनों रामगढ़ व नुआंव थाना क्षेत्र के विभिन्न स्वर्ण दुकानों, घरों व मंदिरों का ताला तोड़ दो माह के बीच चोरों द्वारा लगभग आधा दर्जन चोरियों को अंजाम देने व पुलिस द्वारा उक्त कांडों के उद्भेदन नहीं किये जाने से ग्रामीण व दुकानदार भय के साये में जी रहे है. चोरी की घटनाओं पर नजर डाले तो दो दिनों पूर्व बाजार के खोरहरा रोड के एक घर से चोरों द्वारा मास्टर चाबी के जरिये घर का ताला खोल लगभग सात लाख रुपये के आभूषणों की चोरी कर ली गयी है, जिसको लेकर पीड़ित द्वारा थाने में आवेदन दिया गया है. दिये आवेदन में पीड़ित श्रीकांत पाल पिता राजगृह पाल रामगढ़ द्वारा बताया गया कि वह 22 फरवरी को अपने पूरे परिवार के साथ अपने स्थायी घर पिपरिया पूजा में गये थे. रात आठ बजे जब वापस घर आये, तो देखा कि चोरों द्वारा दरवाजे का ताला खोल घर में रहे पलंग के अंदर रखे ट्राली बैग से लगभग सात लाख रुपये के आभूषणों की चोरी कर ली गयी है. चोरी गये आभूषणों में एक सोने की हार, एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने का झुमका, एक सोने का नथिया, एक सोने का मांगटीका, एक सोने की सिकरी, पांच सोने की अंगूठी, छह चांदी का पैजनी, एक चांदी का अर्धनी व 10 चांदी का बिछिया शामिल है. इस मामले में पीड़ित द्वारा थाने को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. इधर आवेदन के आलोक में घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित परिजनों से घटना की पूरी जानकारी लेते हुए आगे की कार्यवाही में जुट गयी है. वहीं, रविवार की देर रात थाने से महज 200 मीटर दूर चोरों द्वारा मुख्य सड़क के किनारे खड़े एक ट्रैक्टर को उड़ाकर पुलिस को सीधी चुनौती देने का काम किया है. इसको लेकर रामगढ़ के पीड़ित गोकुल कुमार गुप्ता द्वारा थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है. कांड-1 बीते 13 फरवरी को थाना क्षेत्र के ऊपरी गांव के दुर्गा मंदिर से चोरों द्वारा मंदिर के दो ताले को तोड़ ढाई लाख रुपये के मां के सोने के गहने, दो लाख रुपये के भजन कीर्तन करने वाले म्यूजिक साउंड सिस्टम व 12 किलो दानपेटी में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाये गये सिक्के चोरी कर लिये गये थे. आस्था के मंदिर में चोरी होने से ग्रामीण काफी आहत थे. चोरी की घटना सुनने के बाद मौके पर पहुंची 112 पुलिस टीम ने घटना की पूरी जानकारी हासिल की थी. कांड-2 बीते 27 दिसंबर को मापतपुर गांव के तीन मंदिर राधा कृष्ण, काली माता व गोसाई जी के मंदिर से चोरों ने एक ही रात में 17 पीतल की घंटियों को चुराकर पुलिस को चुनौती देने का काम किया था. गांव के एक ग्रामीण द्वारा उक्त मामले में प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी, किंतु पुलिस के हाथ चोरों के गिरेबान तक दो माह बाद भी नहीं पहुंचे. कांड-3 बीते 19 फरवरी की देर रात चोरों ने नुआंव बाजार के गायत्री ज्वेलर्स के आलमारी को तोड़ लगभग 12 लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर पुलिस को चुनौती देने का काम किया था. उक्त कांड में पुलिस को घटना स्थल से 200 मीटर दूर राम जानकी मंदिर में लगाये गये कैमरे से तीन अज्ञात चेहरे ढके चोरों के सुराग मिले थे, किंतु अभी भी पुलिस पकड़ से आरोपित दूर है. कांड-4 बाजार की मुख्य सड़क पर बीते 18 दिसंबर की रात चोरों द्वारा नुआंव थाने से महज 200 मीटर दूर घर के आगे खड़ी एक स्कॉर्पियो यूपी14 सीएम 4554 की चोरी की गयी थी. पीड़ित ललित कुमार द्वारा अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी. मौके पर डीआइयू की टीम भी पहुंची, सीसीटीवी फुटेज भी मिले. वाहन का अंतिम लोकेशन सासाराम टोल प्लाजा पास करने के फुटेज भी बरामद हुए, किंतु दो माह बाद भी पुलिस के हाथ चोरों के गिरेबान तक नहीं पहुंचे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
