NH-19 पर तेज रफ्तार बाइक ने 65 वर्षीय व्यक्ति को मारी टक्कर, कैमूर के सर्विस रोड पर किसान की मौत

कैमूर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। इस घटना ने जहां गांव में मातम फैला दिया है, वहीं NH 19 की सर्विस रोड पर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

NH-19 Kaimur Road Accident : कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. धनेचा डीह गांव के पास एनएच 19 की सर्विस सड़क पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक बुजुर्ग किसान की जान चली गई. हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल किसान को परिजन वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर ले गए, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मृतक की पहचान धनेचा डीह गांव निवासी करीब 65 वर्षीय किसान रामप्यारे कुशवाहा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह गुरुवार की रात करीब 8 बजे सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.

तेज रफ्तार बाइक बनी मौत की वजह

परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, रामप्यारे कुशवाहा एनएच 19 की सर्विस सड़क से होकर गुजर रहे थे. उसी दौरान महमुगंज बाजार की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. बाइक की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि टक्कर लगते ही वह सड़क पर दूर जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए.

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी परिजनों को दी. कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया.

इलाज के दौरान तोड़ा दम

वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने उनकी हालत को गंभीर बताया. काफी प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई. जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

शुक्रवार की सुबह जैसे ही लोगों को रामप्यारे कुशवाहा की मौत की खबर मिली, धनेचा डीह गांव में मातम छा गया. घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीण भी बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि वह अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं.

सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद एक बार फिर एनएच 19 की सर्विस सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं. खासकर पैदल चलने वालों के लिए यह सड़क बेहद खतरनाक बन गई है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sachidanand singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >