बुनियाद केंद्र में अब हर उम्र के लोगों की होगी आंखों की जांच, मिलेगा नि:शुल्क चश्मा

योजना का लाभ लेने के लिए दो लाख रुपये से कम वार्षिक आय का प्रमाणपत्र देना होगा अनिवार्य

योजना का लाभ लेने के लिए दो लाख रुपये से कम वार्षिक आय का प्रमाणपत्र देना होगा अनिवार्य मोहनिया सदर. प्रखंड मुख्यालय स्थित बुनियाद केंद्र में सोमवार से समाज कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री बृहद सहायता छत्र योजना के अंतर्गत दृष्टि दोष युक्त लाभुकों की आंखों की जांच कर नि:शुल्क चश्मा उपलब्ध कराया जायेगा. उज्ज्वल दृष्टि योजना के अंतर्गत इसका संचालन किया जायेगा, जिसके लिए उम्र सीमा की बाध्यता को अब समाप्त कर दिया गया है. इससे अब किसी भी उम्र के व्यक्ति, जो आंख की समस्या से ग्रसित हैं, अपनी आंखों की जांच कराकर चश्मा ले सकते हैं. हालांकि, इसके लिए विभाग ने नियमों में संशोधन किया है, जिसके अंतर्गत उन्हीं व्यक्तियों की आंखों की जांच कर नि:शुल्क चश्मा दिया जायेगा, जिनकी वार्षिक आय दो लाख रुपये से अधिक नहीं होगी. इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए दृष्टि दोष मरीजों को अपना आय प्रमाण पत्र देना होगा. इस मामले से संबंधित पत्र मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, समाज कल्याण विभाग द्वारा 17 मार्च को जारी कर दिया गया है. उज्ज्वल दृष्टि योजना के अंतर्गत नेत्र रोग से संबंधित हर वह व्यक्ति, जिनकी वार्षिक आय दो लाख रुपये से अधिक नहीं है, वह इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं. इसके पूर्व इस योजना का लाभ प्राप्त करने वाले व्यक्तियों की आयु सीमा 50 वर्ष व उससे ऊपर निर्धारित की गयी थी. लेकिन उज्ज्वल दृष्टि योजना की पात्रता मार्गदर्शिका की कंडिका 2.1 में संशोधन करते हुए आयु सीमा की बाध्यता को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है. विभाग द्वारा बताया गया कि यह कैंप फिलहाल कई दिनों तक चलेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >