कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड के डीहभुजैना गांव में तालाब में डूबने से 76 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई. मृतक की पहचान डीहभुजैना गांव निवासी स्वर्गीय संकठा ठाकुर के पुत्र श्यामलाल ठाकुर के रूप में हुई है. हादसे की जानकारी रविवार सुबह परिजनों को हुई, जिसके बाद तालाब से वृद्ध का शव बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई.
मृतक के बड़े बेटे पंचू शर्मा ने बताया कि शनिवार को उनके बड़े पिता गांव के उत्तर बधार में स्थित अपने खेत में लगी धान की फसल देखने गए थे. खेत देखने के बाद शौच करने के बाद वह तालाब की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पैर फिसलने से वह तालाब में जा गिरे. तालाब में पानी काफी गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई.
सुबह तलाश के दौरान मिली हादसे की जानकारी
शनिवार को खेत जाने के बाद जब श्यामलाल ठाकुर देर तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. रविवार सुबह परिवार के लोग उन्हें ढूंढते हुए तालाब के पास पहुंचे, जहां घटना की जानकारी मिली. इसके बाद तालाब से वृद्ध को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
घटना की सूचना चैनपुर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
भभुआ सदर अस्पताल में रविवार सुबह शव का पंचनामा किया गया. इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया. शव घर पहुंचने के बाद परिवार में मातम छा गया. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
घटना से दुखी परिजनों ने बिहार सरकार और प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है. उनका कहना है कि वृद्ध की मौत से परिवार को गहरा सदमा लगा है और ऐसी स्थिति में सरकारी सहायता से उन्हें कुछ राहत मिल सकती है.
