मोहनिया. लगातार हो रही बारिश और दुर्गावती जलाशय से पानी छोड़े जाने के बाद दुर्गावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है. नदी के उफान पर आने से मोहनिया के ग्रामीण इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने लगी है. अमरपुरा और बेलौड़ी गांव के सिवान तक नदी का पानी पहुंच गया है.
ग्रामीण इलाकों में बढ़ी चिंता
नदी का पानी लगातार बढ़ने से आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गयी है. जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो निचले इलाकों में पानी फैलने की आशंका है. ग्रामीणों को नदी और जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गयी है.
एसडीएम ने प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है. बुधवार को एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी, बीडीओ और सीओ ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और दुर्गावती नदी के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया.
गांव में माइकिंग कराने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बेलौड़ी पंचायत के मुखिया को गांव में माइकिंग कराने का निर्देश दिया. इसके माध्यम से ग्रामीणों को नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील करने को कहा गया.
बच्चों को नदी के पास नहीं जाने की अपील
एसडीएम ने विशेष रूप से बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान देने का निर्देश दिया. उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों को नदी और पानी से भरे क्षेत्रों की ओर नहीं जाने देने की अपील की, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
जलस्तर बढ़ा तो निचले इलाकों में फैल सकता है पानी
प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से लगातार स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की अपील की है. दुर्गावती जलाशय से छोड़े गये पानी और लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ रहा है. यदि पानी बढ़ने का सिलसिला जारी रहा तो निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और बढ़ सकता है.
