मौसम में बदलने से सदर अस्पताल में बढ़ी वायरल इंफेक्शन पीड़ितों की संख्या

सर्दी, खांसी व बुखार की समस्या सबसे अधिक, चार दिन में 1016 मरीजों का ओपीडी में हुआ इलाज

= सर्दी, खांसी व बुखार की समस्या सबसे अधिक, चार दिन में 1016 मरीजों का ओपीडी में हुआ इलाज = मौसम में उतार-चढ़ाव से बीमार हो रहे लोग, बच्चों से लेकर बूढ़े तक हो रहे प्रभावित भभुआ सदर. ठंड की हो रही विदाई के साथ जिले में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है. इधर बीच दिन के समय जहां तापमान का पारा 24 डिग्री तक पहुंच रहा है, वहीं शाम से लेकर देर सुबह तक तापमान 12 डिग्री तक गिर जा रहा है. इससे लोग तेजी से बीमार भी होने लगे हैं. इधर, मौसम के उतार चढ़ाव से सदर अस्पताल में मरीजों की संख्या में एक बार फिर से बढ़ोतरी होने लगी है. पिछले चार दिनों के आंकड़ों पर गौर करें तो सदर अस्पताल के ओपीडी में शुक्रवार को 252, शनिवार को 218, सोमवार को 256 व मंगलवार को 290 मरीजों का इलाज किया गया. इनमें वायरल इंफेक्शन से पीड़ित हो रहे बच्चे और वृद्ध में सर्दी, खांसी व बुखार अधिक देखा गया. सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ विनोद कुमार ने बताया कि सर्द-गर्म से ज्यादा खतरा बच्चों और बूढ़ों को रहता है. ऐसे समय में बच्चे और वृद्ध व्यक्ति को ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक्स आदि से दूर रखें. अगर घर का कोई सदस्य सर्दी-खांसी या बुखार से पीड़ित है, तो दूसरे भी संक्रमित हो सकते हैं. दूसरी ओर सर्द मौसम में कोल्ड अटैक, सांस रोग व पैरालाइसिस से पीड़ित मरीजों की संख्या सरकारी व निजी अस्पताल में बढ़ गयी है. वहीं, सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पिछले दो माह में 2278 मरीजों का इलाज किया गया है, जिसमें से 1184 मरीजों को इमरजेंसी में जरूरत के अनुसार इलाज के लिए भर्ती कराया गया. = विशेषज्ञ चिकित्सकों का अभाव, मरीज हो रहे रेफर गौरतलब है कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होने के बावजूद सदर से लेकर अनुमंडल अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट, नेफ्रोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट व गेस्ट्रोलॉजिस्ट चिकित्सक की नियुक्ति नहीं हो पायी है. विशेषज्ञ चिकित्सक के अभाव में एमबीबीएस चिकित्सक ही सभी तरह से बीमार लोगों का इलाज करते हैं, जिस कारण ब्रेन हेमरेज, हार्ट अटैक व किडनी के कारण बीमार मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद पटना पीएमसीएच या वाराणसी रेफर कर दिया जाता है. इस तरह से बीमार लोग ज्यादातर निजी अस्पतालों में ही अपना इलाज करवाना उचित समझते हैं. = सुबह में हवा में कनकनी बरकरार दरअसल, सुबह के समय हवा में अब भी कनकनी बरकरार है. शाम के समय हवा की गति में तेजी आने से ठंड बढ़ जाती है और लोग घरों की ओर चल देते हैं. मौसम वैज्ञानिक तुलसी सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में बारिश की संभावना नहीं है और आसमान भी साफ रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 24 डिग्री व न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री रहेगा. पछुआ हवा की गति 7 से 12 किमी प्रति घंटा रहने के आसार हैं. बताया कि सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 65 से 70 प्रतिशत व शाम के समय 30 से 40 प्रतिशत रहेगी, जिससे मौसम शुष्क बना रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >