कैमूर में 28 सितंबर से सजेगा खेल का महाकुंभ: जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद का शिड्यूल जारी, पांच मैदानों में भिड़ेंगे खिलाड़ी

कैमूर में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया जाएगा. 23 सितंबर तक कराएं निबंधन और जानें स्पर्धाओं का विस्तृत शेड्यूल.

भभुआ (कैमूर): खेल विभाग बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (पटना) और जिला प्रशासन कैमूर के संयुक्त तत्वावधान में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 28 सितंबर से एक अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा. जिला खेल पदाधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि प्रतियोगिता का विस्तृत शिड्यूल जारी कर दिया गया है. प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 23 सितंबर तक जगजीवन स्टेडियम स्थित जिला खेल कार्यालय में निबंधन कराया जा सकता है. सभी विद्यालय प्रधानों को 28 सितंबर की सुबह 10 बजे शारीरिक शिक्षकों के साथ छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

विभिन्न आयु वर्ग के लिए पांच खेल मैदान तय

प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में अपना दम दिखाएंगे. इसके लिए जगजीवन स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, +2 उच्च विद्यालय भभुआ, श्रीमती उदासी देवी +2 उच्च विद्यालय अखलासपुर और रामदयाल सिंह यादव स्टेडियम (महुआर, रामगढ़) को केंद्र बनाया गया है. पहले दिन 28 सितंबर को 100 मीटर हीट, 600 मीटर, 800 मीटर, हाई जंप के साथ अंडर-19 वर्ग के खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और ताइक्वांडो के मैच होंगे.

29 व 30 सितंबर को प्रमुख खेल स्पर्धाएं

प्रतियोगिता के दूसरे दिन 29 सितंबर को एथलेटिक्स में 100 मीटर फाइनल, 200 व 400 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, शॉटपुट और डिस्कस थ्रो सहित अंडर-17 वर्ग की स्पर्धाएं होंगी. साथ ही टेबल टेनिस और कुश्ती के मुकाबले होंगे, जिसमें कुश्ती का आयोजन रामगढ़ के महुआर स्टेडियम में होगा. तीसरे दिन 30 सितंबर को 1500, 3000 और 5000 मीटर की लंबी दौड़ के साथ जैवलिन थ्रो, अंडर-14 खो-खो व कबड्डी, भारोत्तोलन, योग और शतरंज की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी.

अंतिम दिन हॉकी, रग्बी और क्रिकेट ट्रायल

प्रतियोगिता के अंतिम दिन यानी एक अक्टूबर को एथलेटिक्स में हर्डल, रिले रेस और वॉकिंग स्पर्धाएं होंगी. इसके अलावा हैंडबॉल, हॉकी, साइकिलिंग, रग्बी, तीरंदाजी, सेपकटकरा, तलवारबाजी के साथ क्रिकेट का चयन ट्रायल आयोजित होगा. क्रिकेट का ट्रायल जगजीवन स्टेडियम में संपन्न कराया जाएगा. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय विद्यालय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा.

Also Read: कैमूर में कुदरा पुलिस का मद्यनिषेध अभियान: नशे में हंगामा कर रहे चार पियक्कड़ों को किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमित कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >