निक लागे टिकुलिया गोरखपुर के….

KAIMUR NEWS.जिला स्थापना दिवस के दूसरे दिन बुधवार को शहर के जगजीवन स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही लोगों में उत्साह देखा गया और शाम होते-होते स्टेडियम खचाखच भर गया. जिले के विभिन्न हिस्सों से आये दर्शकों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया.

जिला स्थापना दिवस के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने बांधा समां, उमड़ी दर्शकों की भीड़

भभुआ नगर.

जिला स्थापना दिवस के दूसरे दिन बुधवार को शहर के जगजीवन स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही लोगों में उत्साह देखा गया और शाम होते-होते स्टेडियम खचाखच भर गया. जिले के विभिन्न हिस्सों से आये दर्शकों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया. रंग-बिरंगी रोशनी और सजे मंच ने पूरे माहौल को उत्सवमयी बना दिया. वहीं आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में इंडियन आइडल की प्रतिभागी राधा श्रीवास्तव ने अपनी मधुर आवाज से समा बांध दिया. उन्होंने “ निक लागे टिकुलिया गोरखपुर के ” गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया. उनके गीतों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और पूरे स्टेडियम में उत्साह का माहौल बन गया. उनकी प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही.

काशी के कलाकारों की ‘शिवोहम’ नृत्य प्रस्तुति ने किया मंत्रमुग्ध

काशी से आये कलाकारों ने “ शिवोहम ” नृत्य की शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने काम किया. नृत्य के दौरान कलाकारों की भाव-भंगिमा, वेशभूषा और तालमेल ने दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभव कराया. यह प्रस्तुति कार्यक्रम की खास झलकियों में शामिल रही और लोगों ने इसे काफी सराहा.

कई मंचों पर दिखा चुके हैं अपनी प्रतिभा का जलवा

कार्यक्रम में शामिल कलाकारों ने पूर्व में ताज महोत्सव, काशी गंगा महोत्सव, जी-20 और खेलो इंडिया जैसे बड़े आयोजनों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश स्तर पर पहचान बनायी है. इस कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र-छात्राएं शामिल रहे. शिवानी मिश्रा, सुनिधि पाठक, करिश्मा केसरी, सृष्टि तिवारी, सौरभ त्रिपाठी और विशाल सिंह सहित कई कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम को यादगार बना दिया.

सौरव पांडेय के गीत से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ सौरव पांडेय ने “ निमिया की डाली मैया लावेली झुलुअवा हो ” गीत गाकर किया. उनके गीत ने शुरुआत से ही माहौल को भक्तिमय बना दिया और दर्शक कार्यक्रम से जुड़ते चले गए. इसके बाद एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों का सिलसिला देर रात तक चलता रहा.

हर वर्ष धूमधाम से मनाया जाता है स्थापना दिवस

गौरतलब है कि कैमूर जिला स्थापना दिवस के अवसर पर प्रत्येक वर्ष भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है. सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी और विभिन्न प्रतियोगिताएं इस उत्सव को खास बनाती हैं. इस वर्ष भी दूसरे दिन का सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों के लिए यादगार साबित हुआ और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया. कार्यक्रम के दौरान मौके पर जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी एवं काफी संख्या में संस्कृति प्रेमी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >