मोहनिया सदर. प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरजीएफ भवन में सोमवार को आयोजित 20 सूत्री की बैठक आयोजित की गयी़ इसमें भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाये गये़ 20 सूत्री के सदस्य अनुज सिंह ने कहा कि अंचल में भ्रष्टाचार चरम पर है़ यदि इस प्रखंड की जनता सबसे अधिक पीड़ित है, तो वह अंचल पदाधिकारी और कर्मियों की बजह से. इसी तरह बैठक में सदस्यों ने कई विभागों के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाये़ सदस्य नीरज तिवारी ने कहा कि शहर से लेकर गांव तक धड़ल्ले से मादक पदार्थों की तस्करी हो रही है़ इसका शिकार युवाओं के साथ नाबालिग बच्चे भी हो रहे हैं. इस पर पुलिस पदाधिकारी ने सदन को बताया कि जो भी सूचनाएं मादक पदार्थ की बिक्री से संबंधित प्राप्त होती है, पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजती है. बीज वितरक पर अभ्रद व्यवहार करने का आरोप सदस्य इसराफिल ने कहा कि बीज वितरण में बड़े पैमाने पर अनदेखी की जा रही है. कृषि भवन में बीज वितरण करने वाले वितरक मनोज कुमार लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं. उनको यहां से हटाया जाये. इस पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि बीज प्राप्त करने के लिये पहले आओ, पहले पाओ की नीति लागू है, जो किसान पहले बीज के लिए ऑनलाइन आवेदन करेंगे, उनको ही प्राथमिकता के तौर पर बीज दिया जाना है. यदि वितरक द्वारा इससे इतर अनुचित व्यवहार किसानों के साथ किया जाता है, तो इसकी शिकायत हम जिला कृषि पदाधिकारी से निश्चित रूप से करेंगे. सरकारी भूमि पर अवैध खनन, गड्ढे में डूबकर हो रही मौत 20 सूत्री के सदस्य अनुज सिंह ने सदन को बताया कि बढुपर में सरकारी भूमि से अवैध रूप से मिट्टी खनन किया जाता रहा है. सरकारी तालाबों की अवैध रूप से खुदाई करने और उसकी मिट्टी की कालाबाजारी करने का नतीजा है कि तालाब गहरे हो चुके हैं और उसमें कोई भी व्यक्ति डूब जा रहा है. पिछले दिनों गहरे तालाब में डूबने से एक साथ तीन बच्चियों की मौत भी हो चुकी है. इसके बावजूद प्रशासन इस अवैध खनन को रोकने में पूरी तरह विफल है. वहीं, एक सदस्य द्वारा सदन को बताया गया कि पानापुर के वार्ड तीन सोंधी में आंगनबाड़ी सेविका मनमानी तरीके से सेंटर का संचालन करती है़ जब मन करता है सेंटर बंद कर देती है बच्चों व गर्भवती महिलाओं को पोषाहार भी नियमित रूप से नहीं दिया जाता है. जिस पर उपस्थित महिला पर्यवेक्षिका ने संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र की जांच करने की बात कही़ आवास योजना के नाम पर हो रही अवैध वसूली सदस्य रणविजय सिंह ने सदन को बताया गया कि आवास सर्वेक्षण सूची लेकर उसमें जिन लोगों का नाम अंकित है, उनको फोन कर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से 300 से 3000 रुपये की वसूली किया जा रहा है. वे लोग खुद को आवास कर्मी बताते हुए अपने पे-फोन नंबर पर भी रिश्वत की राशि ले रहे हैं. उन्होंने बीडीओ को एक मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया. जिस नंबर के माध्यम से लोगों को आवास योजना देने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है. इस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने साफ कर दिया कि उक्त नंबर किसी भी आवास कर्मी का नहीं है. बहुत से लोग कर्मी और पदाधिकारी के नाम पर धांधली कर रहे हैं. वैसे लोगों को पकड़ कर तुरंत पुलिस के हवाले करें खुद पर खुद स्थिति स्पष्ट हो जायेगी. नगर पंचायत में नल-जल योजना की स्थिति भयावह 20 सूत्री के सदस्य अवध पासवान ने नगर पंचायत में खराब नल-जल व्यवस्था को लेकर नगर प्रशासन के कर्मियों को जमकर फटकार लगाया. उन्होंने कहा कि लोग नगर प्रशासन से लिखित शिकायत करते हैं, लेकिन नल जल योजना को सुचारू रूप से दुरुस्त नहीं किया जा रहा है. नगर में नाले पर अतिक्रमण है. सड़क पर पानी बह रहा है.उसे हटाने की दिशा में कोई कार्य नहीं किया जा रहा है. शारदा ब्रजराज पोखरा में बनाये गये घाट कि सीढ़ियों को उबड़ खाबड़ बनाया गया है. घाट की सीढ़ियों पर जो टाइल्स लगाने का कार्य किया जा रहा है वह भी गलत तरीके से किया जा रहा है. मानक की अनदेखी की जा रही है. इस पर उपस्थित नगर प्रशासन के कर्मी ने सदन को बताया की बहुत जल्द ही इन समस्याओं का समाधान किया जायेगा. वहीं, अकोढ़ीमेला के वार्ड 12 व 13 में नल जल योजना आज तक चालू ही नहीं होने की शिकायत की गयी. इनसेट़:::::::::: बैठक में डायरी लेकर नहीं आये पदाधिकारी, लगी फटकार बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों में से कुछ ऐसे भी थे, जिनके पास डायरी नहीं थी. जब सदस्यों द्वारा सदन में उठाये गये समस्याओं को कलमबद्ध करने की बात आयी, तो वें इधर-उधर झांकते नजर आये. इस पर उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार दास ने कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि बैठक में डायरी लेकर आये न की खाली हाथ झुलाते हुए आये. जो भी समस्याएं सदन में सदस्यों द्वारा उठायी जा रही है, उसको नोट करें और गंभीरता से उस पर अमल करें. ताकि लोगों को ससमय समस्याओं से निजात दिलायी जा सके. इसी क्रम में उन्होंने यह भी कहा कि प्राय: ऐसी सूचना मिल रही है कि जो किसान दलहन से संबंधित बीज ले जा रहे हैं, वे उसको खेतों में बोने की बजाय दाल बनाकर खाने में इस्तेमाल कर रहे हैं, जो बेहद घातक है. इससे किडनी और कैंसर की बीमारी तेजी से फैल रही है. क्योंकि उसमें उच्च गुणवत्ता वाली कीटनाशक दवाओं का प्रयोग किया गया होता है. इस दौरान बैठक की अध्यक्षता 20 सूत्री के अध्यक्ष नंदन राय एवं संचालन बीडीओ संजय कुमार दास ने की. बैठक में अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ विजय कुमार, मनरेगा पीओ रविशंकर कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार सहित कई विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे. # बोले अध्यक्ष बैठक में बीस सूत्री के सदस्यों द्वारा कई विभागों के कर्मियों और पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाये जाने के बारे में जब बीस सूत्री के अध्यक्ष नंदन राय से पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मेरे सदस्यों द्वारा जो भी आरोप लगाया गया है. वह पूरी तरह सही और सत्य हैं. अपने सदस्यों द्वारा लगाये गये सभी आरोपों से पूर्ण रूप से सहमत हूं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
