Kaimur News : कैमूर में भी साइक्लोन का रहा असर

पूर्वोत्तर के राज्यों ओडिसा और पश्चिम बंगाल में आये चक्रवात का असर जिले में भी नजर आया.

भभुआ सदर. पूर्वोत्तर के राज्यों ओडिसा और पश्चिम बंगाल में आये चक्रवात का असर जिले में भी नजर आया. साइक्लोन के चलते बुधवार रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश शुक्रवार को भी दिनभर लगातार जारी रही. इधर, लगातार हो रही बारिश से हर तरफ पानी पानी हो गया और लोग अस्त व्यस्त हो गये. वहीं, विजयादशमी के बाद शुक्रवार को दिनभर की बारिश से शहर में अधिकतर दुकानदारों की दुकानदारी भी चौपट हो गयी. सुबह साढ़े सात बजे के उपरांत लगातार बारिश की वजह से कई दुकानदारों को तो बोहनी तक नसीब नहीं हुई. बारिश से शुक्रवार को कोई भी नहीं बच पाया और अधिकतर लोग बारिश में भींग कर ही जरूरत के सामान खरीदने पर मजबूर हुए. इधर, लगातार हो रही रिमझिम बारिश से सड़क सहित कई मुहल्लों में हर तरफ कीचड़ और जलजमाव की स्थिति बनी रही, लेकिन जलजमाव व गंदगी को नियति मान लोग अपना काम भी करते रहे. शुक्रवार को दिनभर रुक रुक कर होती रही बारिश से शहर के चकबंदी व हवाई अड्डा रोड, वार्ड 11 , 7, 14, 15 आदि की कच्ची व क्षतिग्रस्त हो चुकी सड़कें कीचड़ से सन गयी, जबकि पानी निकासी का इंतजाम नहीं होने की वजह से सदर अस्पताल सहित कई सरकारी कार्यालय के सामने व अन्य जगहों की सड़कों पर पानी जम गया. इससे वाहन चालक और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा. कच्चे रास्ते कीचड़ से सन गये, तो दो पहिया वाहन चालकों और राहगीरों को फिसलने का खतरा भी बढ़ गया था. = लगातार बारिश से दुकानदारी पर भी रही आफत विजयादशमी बीतने के बाद शुक्रवार को दिनभर लगातार रिमझिम बारिश के जारी रहने से बाजार भी ठंडा रहा. सुबह के समय जैसे-तैसे कुछ दुकानदारों ने दुकानें खोली. लेकिन बाजार में ग्राहक नहीं के बराबर दिखायी दिये. इधर झमाझम बारिश होती रही और दुकानदार खाली बैठे नजर आये. हालांकि, दोपहर तीन बजे के बाद बारिश धीमी पड़ी तो बाजार में थोड़ी बहुत चहल पहल शुरू हो गयी. दुकानदार अमन गर्ग का कहना था कि पर्व त्योहार का सीजन चल रहा है, लेकिन शुक्रवार को लगातार जारी बारिश के कारण नाममात्र की ही दुकानदारी हो पायी है. शुक्रवार को बारिश के कारण बाजार को तगड़ा झटका लगा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >