नगर परिषद भभुआ की बैठक में सफाई और स्ट्रीट लाइट को लेकर पार्षदों की नाराजगी, योजनाओं पर हुई चर्चा

Kaimur News : भभुआ नगर परिषद की बैठक में पार्षदों ने शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था और खराब स्ट्रीट लाइट को लेकर अधिकारियों के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई.

Kaimur News : नगर परिषद भभुआ में सामान्य बोर्ड की बैठक गुरुवार को आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी मुख्य पार्षद रविता पटेल ने की, जबकि संचालन सिटी मैनेजर सोनू कुमार ने किया. बैठक में नगर परिषद क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों, विकास योजनाओं और नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.

सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने जतायी नाराजगी

बैठक शुरू होते ही पार्षदों ने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट को लेकर नाराजगी जतायी. पार्षदों ने कहा कि कई वार्डों में नियमित रूप से नालियों और गलियों की सफाई नहीं हो रही है. दशहरा, दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की जरूरत है.

एलईडी स्ट्रीट लाइट की खरीदारी समेत कई एजेंडों पर चर्चा

बैठक में सबसे पहले गत बैठक की संपुष्टि पर विचार किया गया. इसके बाद साफ-सफाई व्यवस्था, पर्व-त्योहारों को देखते हुए एलईडी स्ट्रीट लाइट की खरीदारी, नगर परिषद के स्वामित्व वाली दुकानों के नवीकरण और विभिन्न योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति देने समेत अन्य एजेंडों पर चर्चा हुई.

खराब स्ट्रीट लाइट को लेकर भी उठे सवाल

स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर पार्षदों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी नाराजगी रखी. पार्षदों का कहना था कि कई स्थानों पर मिस्त्री खराब लाइट खोलकर ले जाते हैं, लेकिन मरम्मत के बाद उसे दोबारा नहीं लगाया जाता. इसके कारण कई वार्डों की गलियों में अंधेरा पसरा हुआ है.

वार्ड तीन में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

वार्ड संख्या तीन की पार्षद नंदन देवी ने अपने वार्ड में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा सड़क का घटिया निर्माण कराया जा रहा है. साथ ही बिना पार्षद को सूचना दिये ठेकेदार के बिल का भुगतान किये जाने की बात कही. उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने और भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने की मांग की.

वार्ड 12 में नाली सफाई और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराने की मांग

वार्ड संख्या 12 के पार्षद प्रमोद पाठक ने गलियों में नालियों की सफाई कराने और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि वार्डवासियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मियों से स्पष्टीकरण की मांग

बैठक में सूचना दिये जाने के बावजूद कई अधिकारियों और कर्मियों के उपस्थित नहीं होने पर भी पार्षदों ने नाराजगी जतायी. पार्षदों ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगने की मांग की.

Also Read : राजपुर में 107.6 लीटर देशी शराब बरामद, पुलिस को देख बाइक छोड़ भागा तस्कर

सोनहन बायपास के किनारे कचरा फेंकने पर रोक की मांग

वार्ड संख्या 20 के पार्षद सुरेंद्र सिंह ने सोनहन बायपास रोड के किनारे फेंके जा रहे कचरे को रोकने के लिए तार से घेराबंदी कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि सड़क किनारे कचरा फेंके जाने से आसपास गंदगी फैल रही है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Also Read : बक्सर के 19 पंचायतों में इबी गणना का काम पूरा, अब परिसीमन से बदलेंगे पंचायतों के समीकरण

पर्व-त्योहारों से पहले सुविधाएं दुरुस्त करने पर जोर

बैठक में वार्ड पार्षद उत्तम चौरसिया, महेश खरवार, उर्मिला देवी सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे. पार्षदों ने पर्व-त्योहारों से पहले शहर की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने पर जोर दिया.

Also Read : बक्सर में आयोजित विज्ञान संगोष्ठी में छात्रों ने ऊर्जा के भविष्य पर रखे विचार, क्षमा कुमारी रहीं प्रथम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रंजीत पटेल

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >