नंदना गांव में नाला निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत, जांच की मांग

= 25 एकड़ से अधिक खेतों के पानी निकासी पर संकट, जलजमाव से फसल बर्बाद होने की आशंका

= 25 एकड़ से अधिक खेतों के पानी निकासी पर संकट, जलजमाव से फसल बर्बाद होने की आशंका भभुआ नगर. चैनपुर प्रखंड के नंदना गांव में चल रहे नाला निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है. इस संबंध में ग्रामीणों ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी व प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी को आवेदन देकर मामले की जांच कराने और मानक के अनुरूप निर्माण कार्य कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि चैनपुर प्रखंड की मदुरना पंचायत के मुखिया द्वारा नाला का पक्कीकरण कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है. ग्रामीणों के अनुसार जिस नाले का निर्माण कराया जा रहा है, उससे लगभग 25 एकड़ से अधिक कृषि भूमि के पानी की निकासी होता है, लेकिन निर्माण से पहले नाले की समुचित खुदाई नहीं करायी गयी. नाले से पूरी मिट्टी नहीं निकाले जाने से नाला कई स्थानों पर ऊंचा बन गया है. कहीं नाला एक फीट तो कहीं डेढ़ फीट ऊंचा बना दिया गया है, जिससे खेतों का पानी आसानी से नहीं निकल पायेगा. ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थिति में किसानों के खेतों में जलजमाव की समस्या बनी रहेगी और फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है. ग्रामीणों ने अधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करायी जाये और नाला निर्माण कार्य को मानक के अनुसार कराया जाये, ताकि किसानों की फसल जल जमाव से बच सके और उन्हें राहत मिल सके. आवेदन देने वालों में किसान दूधनाथ पासवान, बृजभूषण पांडे, नीतीश कुमार, रामकुमार, कृष्णावती सहित दर्जनों किसान शामिल रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >